Bharat Express DD Free Dish

“बकरी को कुत्तों ने मारा, इंसानों ने कुत्तों को…” लखीमपुर में एक साथ 25 गिद्धों की मौत से इलाके में दहशत

Lakhimpur Vulture Deaths: लखीमपुर में गिद्धों ने कुत्तों के शव खाये. एक-एक करके गिद्ध जमीन पर गिरने लगे. कुल 25 गिद्धों की मौत हो गयी है. वन विभाग ने सभी गिद्धों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए भेजा है. एक ही जगह पर इतने सारे गिद्धों की लाशें देखकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

Lakhimpur Vulture Deaths

Lakhimpur Vulture Deaths

Lakhimpur Vulture Deaths: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में आसमान में उड़ रहे गिद्ध एक-एक कर जमीन पर गिरने लगे. एक ही जगह पर करीब 25 गिद्धों की मौत हो गई. मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग के हाथ-पांव फूल गए. वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं एक ही जगह पर इतने सारे गिद्धों की लाशें देखकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

दरअसल यह पूरा मामला भीरा वन रेंज के पड़रिया बीट में आने वाले सेमरिया गांव का है. जहां एक खेत में 25 गिद्ध मरे हुए मिले. ग्रामीणों के अनुसार इलाके में करीब आधा दर्जन कुत्तों को किसी ने जहर देकर मार डाला. जहर से मरे हुए इन्हीं कुत्तों में से एक को गिद्धों ने नोच-नोच कर खा लिया. जहरीला मांस खाने की वजह से इन गिद्धों की मौत हो गई. हालांकि वन विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

आसपास 4 कुत्तों के शव बरामद

वन विभाग की टीम ने आसपास मरे हुए 4 कुत्तों के शवों को बरामद किया है. उनमें से दो कुत्तों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है. वहीं दो कुत्तों को सुरक्षित तरीके से मिट्टी में दफना दिया गया है.

वहीं इस मामले को लेकर दूसरी थ्योरी भी सामने आई है. जिसमें बताया गया है कि किसी ने एक मरी हुई बकरी में जहर डाल दिया था. जिसके बाद इन गिद्धों ने बकरी के मांस को खाया और फिर मौतों का यह सिलसिला शुरू हो गया.

“बकरी को कुत्तों ने मारा, इंसानों ने कुत्तों को…”

ग्रामीणों का कहना है कि इन क्षेत्रों में आसपास के कई गांवों के किसान अपनी बकरियां चराने आते हैं. यहां पर मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड इन बकरियों को अपना निवाला बना लेते हैं. हाल ही में कुत्तों ने एक बकरी को मार डाला था, जिसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस बकरी में जहर डाल दिया. जहरीला मांस खाने की वजह से कम से कम 6 कुत्ते अलग-अलग जगहों पर मरे हुए मिले. इन्हीं कुत्तों को बाद में गिद्धों ने खाया, जिसके बाद ये हादसा हुआ.

ये भी पढ़ें- गार्नेट घोटाला: भौकाल के लिए औढ़ा चोगा; ‘विधायक’ बन वसूली करता रहा पांचाल, जांच में खुल रही नेटवर्क की परतें

इस मामले को लेकर वन विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है. वन विभाग ने सभी गिद्धों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए भेजा है. हालांकि अधिकारी अभी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं, उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण की पुष्टि हो सकेगी, लेकिन पहली नजर में यह मामला जहर का ही लग रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read