Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

महाकुंभ में इस्तेमाल ऑटोमैटिक मशीनों से पूरे यूपी को बनाएंगे इंसेक्ट फ्री, पहली बार होगा प्रयोग

महाकुंभ में इस्तेमाल हुई मिस्ट ब्लोअर और मिनी फॉगिंग मशीनों का सफल संचालन अब पूरे उत्तर प्रदेश में किया जाएगा. डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया नियंत्रण के लिए 107 ब्लोअर मिस्ट मशीनें नगर निगमों को और 110 मिनी फॉगिंग मशीनें स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएंगी.

प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुंभ में इस्तेमाल की गई अत्याधुनिक मिस्ट ब्लोअर और मिनी फॉगिंग मशीनों का प्रयोग अब पूरे उत्तर प्रदेश में किया जाएगा. महाकुंभ में इन मशीनों का सफल इस्तेमाल किया गया था, जिससे संतों और श्रद्धालुओं को मच्छरों और मक्खियों से राहत मिली. अब इन्हीं मशीनों को विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा. जिससे प्रदेश को इंसेक्ट-फ्री बनाया जा सके. इस तरह का प्रयोग उत्तर प्रदेश में पहली बार किया जाएगा. ये आधुनिक टेक्नोलॉजी वाली मशीनें नगर निगमों और स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएंगी.

महाकुंभ    में संतों और श्रद्धालुओं को मच्छर-मक्खी से बचाने वाली अत्याधुनिक 107 ब्लोअर मिस्ट मशीनें नगर निगमों को सौंपे जाने की तैयारी है. वहीं, 110 मिनी फॉगिंग मशीनें स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएंगी. अखाड़ों को इंसेक्ट फ्री बनाने में कारगर ये मशीनें अब उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस्तेमाल की जाएंगी. डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया के नियंत्रण में यह मिनी फागिंग मशीन बेहद कारगर है. सबसे खास बात यह है कि कॉल करते ही ये ऑटोमैटिक मशीन 30 मिनट के भीतर लोगों तक पहुंचने में सक्षम है.

अत्याधुनिक मशीनों की तैनाती

महाकुंभ के नोडल जॉइंट डायरेक्टर (वेक्टर कंट्रोल) डॉ वीपी सिंह ने बताया कि प्रदेश के नगर निगमों को 107 ब्लोअर मिस्ट मशीनें सौंपी जाएंगी. यह कूड़े और गंदगी पर छिड़काव में काफी मददगार साबित होंगी. वहीं, स्वास्थ्य विभाग को 110 मिनी फॉगिंग मशीनें सौंपी जाएंगी. जो डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया पर प्रभावी रोक लगाने के सक्षम रहेंगी. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी इनका व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा सफाई और वेक्टर नियंत्रण में भी इनसे बड़ी मदद मिलेगी.

30 मिनट में पहुंचेगी ऑटोमैटिक मशीन

मेले में वेक्टर कंट्रोल के असिस्टेंट नोडल और डीएमओ डॉ आनंद कुमार सिंह ने बताया कि महाकुंभ में इस्तेमाल की गई ऑटोमैटिक ब्लोअर मिस्ट मशीनें इतनी प्रभावी रहीं कि कॉल करने के 30 मिनट के भीतर किसी भी स्थान पर पहुंच सकती हैं. इसी तर्ज पर अब मूविंग वेक्टर कंट्रोल यूनिट पूरे प्रदेश में संचालित की जाएगी. ताकि किसी भी इलाके में संक्रमण या मच्छरों की समस्या होने पर तुरंत फॉगिंग और मिस्ट ब्लोअर से छिड़काव किया जा सके.

स्वच्छ और स्वस्थ यूपी की ओर बड़ा कदम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देश पर मच्छर-मक्खियों से बचाव के लिए व्यापक सेवा शुरू की जा रही है. अब आम जनता को भी तत्काल सुविधाएं मिल सकेंगी. इन मशीनों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी कारगर साबित होगी तकनीक

महाकुंभ में पेट्रोल से चलने वाली ब्लोअर मिस्ट मशीनों से बड़े पैमाने पर छिड़काव कार्य किया गया. अब यह मशीनें नगर निगमों को सौंपी जाएंगी. जिससे कूड़े और गंदगी पर कीटनाशक का छिड़काव किया जा सके. खासकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित होगी. क्योंकि बाढ़ के बाद गंदगी और मच्छरों के बढ़ने का खतरा ज्यादा रहता है.

बेहद प्रभावी होंगी ये मशीनें

जब डेंगू या मलेरिया का कोई मामला सामने आएगा, तो मरीज के घर और उसके आसपास 50 घरों में वेक्टर नियंत्रण के तहत छिड़काव किया जाएगा. इस अभियान में यह मिनी फॉगिंग मशीनें बेहद प्रभावी साबित होंगी और डेंगू-चिकनगुनिया जैसी बीमारियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी.

यूपी की जनता को मिलेगा नया सुरक्षा कवच

महाकुंभ में सफलता के बाद अब यूपी सरकार इस तकनीक को पूरे प्रदेश में लागू करने जा रही है. इससे मच्छर-मक्खियों से होने वाली बीमारियों को रोका जा सकेगा. साथ ही प्रदेश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा.

ये भी पढ़ें: महाकुंभ से प्रयागराज की अर्थव्यवस्था में लाया 200 से 300% का बूस्ट, आटोमोबाईल, इलेक्ट्रानिक्स उद्योग में होगी बढ़ोत्तरी

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital