अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति सौरभ के हत्या करने वाली मुस्कान का खौफ अब भी मेरठ और आसपास के इलाकों में बरकरार है, जिसके चलते सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला से मिलने आए उसके प्रेमी को पति ने कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दे दी. जानकारी पर पहुंची पुलिस पति, पत्नी और प्रेमी को थाने ले आई और फिर थाने में जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ.
दरअसल पत्नी ने पुलिस थाने में साफ साफ कह दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती इसलिए उसे आगे की जिंदगी अपने प्रेमी के साथ बितानी है. इधर पति ने भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष पत्नी से अपनी जान का खतरा बताते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने की सहमति दे दी.
पीड़ित पति का कहना था कि उसके पिता नहीं है. इस वजह से उसकी वृद्ध मां की देखभाल की जिम्मेदारी उस पर है. ऐसे में अगर पत्नी ने प्रेमी के साथ जाने को लेकर अगर उसकी हत्या कर दी तो उसकी मां का क्या होगा, उसे डर है कि वह नीले ड्रम वाली मुस्कान की तरह ही उसकी हत्या कर देगी, पति की बात सुनकर समाज के लोगों तथा पुलिस वालों ने पत्नी को प्रेमी के साथ भेज दिया.
घटना ने पूरे इलाके में मचाया हड़कंप
दरअसल मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता का प्रेम संबंध गांव के ही एक युवक से हो गया जिसके चलते पति की अनुपस्थिति में विवाहिता अक्सर रात्रि में युवक को मिलने के लिए अपने घर बुला लिया करती थी. बीती 7 दिसंबर को जब महिला अपने प्रेमी के साथ कमरे में थी तभी किसी तरह पति को भनक लग गई और उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके पुलिस को कॉल करके मौके पर बुला लिया. मौके पर पहुंची पुलिस महिला और उसके प्रेमी को थाने ले गई. महिला के पति ने कॉल कर पत्नी के मायके पक्ष के लोगों को भी थाने पर ही बुला लिया, इस दौरान तीनों पक्षों के लोगों की थाने पर भीड़ जमा हो गई.
कोई पक्ष लिखित शिकायत देने को तैयार नहीं- सीओ
महिला की करतूत सुनकर उसके मायके पक्ष के लोगों ने भी साथ छोड़ दिया. जबकि महिला के पति ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं. वह अपनी विधवा मां का इकलौता सहारा है. उसे डर है कि जिस तरह से मेरठ में नीले ड्रम वाली मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी, कहीं उसकी पत्नी भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या न कर दे. इसके चलते उसने भी महिला को अपने साथ ले जाने से इन्कार कर दिया.
इस मामले में सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, पुलिस महिला और उसके प्रेमी को लेकर थाने आई थी लेकिन किसी भी पक्ष में लिखित में शिकायत देने से इनकार कर दिया है.
ये भी पढ़ें: RSS के तीसरे सरसंघचालक बालासाहब देवरस के जयंती पर अमित शाह ने किया नमन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

