Meerut Murder Case: मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र में की गई बीएसएफ जवान नैन सिंह जाटव की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार (3 अप्रैल) को खुलासा कर दिया. पुलिस ने दावा किया है कि हत्या नैन सिंह की पत्नी कोमल ने अपने बॉयफ्रेंड (रिश्ते के देवर) और साथियों संग मिलकर कराई थी. रिश्ते का देवर गुलशन बीएसएफ जवान का मौसेरा भाई है.
गिरफ्तार हुए पत्नी और बॉयफ्रेंड
पत्नी कोमल का नैन सिंह के मौसेरे भाई से अफेयर चल रहा था. नैन सिंह को इसकी जानकारी हो गई थी. उसकी पत्नी और मौसेरे भाई से मारपीट और कहासुनी भी हो गई थी. पुलिस ने पत्नी, मौसेरे भाई और साथ देने वाले तीन अन्य समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
एसएसपी अविनाश पांडे ने शुक्रवार को मीडिया के सामने बताया कि मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में 28 मार्च को बीएसएफ (BSF) के जवान नैन सिंह की घर में सोते समय भीतर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
नैन सिंह बीएसएफ में कॉन्स्टेबल था. पश्चिम बंगाल में तैनात था. वह 6 मार्च को छुट्टी पर गांव आया था. दो अप्रैल को छुट्टी से वापस जाना था. जवान के पिता गरीबदास ने जमीनी विवाद बताकर अपने चार पड़ोसियों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाकर एफआईआर कराई थी. नामजद चारों लोगों से पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. जांच में पता चला कि चारों वारदात के वक्त काम पर गए हुए थे.
पुलिस को पता चला था कि जवान नैन सिंह का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है. नैन सिंह जब भी छुट्टी आता है, पत्नी कोमल संग मारपीट करता था. पुलिस ने कोमल के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाली. कई नंबर संदिग्ध मिले. घटना वाले दिन जिस नंबर पर कोमल की सबसे अधिक बार बात हुई, वह जवान नैन सिंह के मौसी के बेटे गुलशन का निकला.
भाभी से किया अफेयर
पुलिस ने गुलशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि गुलशन ने पूछताछ में भाभी (नैन सिंह की पत्नी) कोमल से अफेयर की बात बताई. यह भी खुलासा किया कि नैन सिंह इस रिश्ते का विरोध करता है. गुलशन ने बताया कि हत्या उसने कोमल और साथियों के साथ मिलकर की है. जिसके बाद पुलिस ने जवान की पत्नी कोमल को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गुलशन और कोमल को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की.
ये भी पढ़ें: …पर नहीं आई बारात! दूल्हा बनते ही बेवफा हुआ आशिक, तोड़ा 9 महीने का प्यार
एसएसपी अनिवाश पांडे का दावा है कि पूछताछ में कोमल ने बताया कि मेरे पति के मौसेरे भाई गुलशन से संबंध हो गए थे. हम शादी करना चाह रहे थे, इसलिए नैन सिंह की हत्या की योजना बनाई. कोमल ने अपने जेवर बेचकर गुलशन से तमंचा खरीदवाया और हत्या कर दी. मेरठ के SSP अविनाश पांडेय का कहना है कि हत्या करने और साजिश में शामिल सभी पांच आरोपियों पत्नी कोमल, मौसेरे भाई गुलशन और उनके साथियों राहुल, गुड्डू और मोंटू को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस बरामद किया है. बताया कि साथियों को वारदात में शामिल होने के लिए पैसे (सुपारी) दी गई थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
