Bharat Express DD Free Dish

बेटी घर के अंदर बनी कंकाल और पिता हरिद्वार में धोता रहा पाप!…मेरठ में बंद मकान के अंदर का ये ‘खौफनाक’ मंजर सुन कांप जाएंगी रूह

उत्तर प्रदेश के Meerut में 35 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव घर से बरामद हुआ, जो 4 महीने पुराना बताया जा रहा है. पिता ने मौत के बाद घर को बाहर से लॉक कर दिया और फरार हो गया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है…

रिपोर्ट-हरीश


उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. सदर बाजार क्षेत्र के तेली मोहल्ले में एक बंद मकान के भीतर से 35 साल की युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि युवती की मौत चार महीने पहले ही हो गई थी, लेकिन उसका पिता शव को घर में ही छोड़कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. पिछले चार महीनों से वह पिता हरिद्वार में गुमनामी की जिंदगी जी रहा था, जबकि घर के भीतर उसकी बेटी का शरीर कंकाल में तब्दील हो रहा था.

शक होने पर खुला ‘कब्रिस्तान’ बना घर

घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका प्रियंका बिस्वास के रिश्तेदारों को कई महीनों तक पिता-पुत्री की कोई खबर नहीं मिली. फोन रिसीव न होने और घर पर ताला लटके देख परिजनों ने तलाश शुरू की. इसी बीच मृतका का पिता उदय भानु बिस्वास मेरठ की ही बेगम बाग कॉलोनी में एक चाय की दुकान पर बैठा मिल गया.

जब रिश्तेदारों ने सख्ती से प्रियंका के बारे में पूछा, तो पहले उसने बहाना बनाया कि वह देहरादून के अस्पताल में भर्ती है. लेकिन ज्यादा दबाव डालने पर उसने जो सच उगला, उसने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी. उसने कबूला कि दिसंबर 2025 में ही बेटी की मौत हो चुकी है और उसकी लाश घर के अंदर ही पड़ी है.

झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान?

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मूल रूप से बंगाल का रहने वाला उदय भानु बिस्वास यूपी बोर्ड में नौकरी करता था और उसकी बेटी प्रियंका एक प्राइवेट टीचर थी. प्रियंका को ‘काला पीलिया’ नाम की गंभीर बीमारी थी. उदय भानु ने इलाज तो कराया, लेकिन वह झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र में भी बहुत विश्वास रखता था.

बताया जा रहा है कि बीमारी और संभवतः सही इलाज के अभाव में दिसंबर 2025 में प्रियंका ने दम तोड़ दिया. बेटी की मौत के बाद उदय भानु इतना डर गया कि उसने किसी को सूचना देने के बजाय घर को बाहर से लॉक किया और हरिद्वार चला गया.

यह भी पढ़ें:नीतीश कुमार अब ‘सांसद’: राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, जानें अब कौन संभालेगा बिहार की कमान?

पुलिस ने ताला तोड़कर निकाला शव

रिश्तेदारों की सूचना पर जब पुलिस सदर बाजार स्थित उस घर पहुँची और ताला खुलवाया, तो अंदर का नजारा देख पुलिसकर्मी भी दंग रह गए. चार महीने पुराने शव से उठ रही असहनीय दुर्गंध ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. युवती का शरीर पूरी तरह सड़ चुका था.

पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि क्या यह सामान्य मौत थी या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश छिपी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read