Bharat Express DD Free Dish

मेरठ में अवैध हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

मेरठ में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. परतापुर थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दिल्ली निवासी एक आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को भी बाद में घेराबंदी कर पकड़ लिया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से सात अवैध .32 बोर की पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है. इसके अलावा चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस बाइक और वारदात में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी स्कूटी भी पुलिस के हाथ लगी है.

दिल्ली के खरीदार को हथियार बेचने की थी तैयारी

मामला 13 और 14 सितंबर की दरम्यानी रात का है. परतापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि मेरठ के कुछ युवक दिल्ली के एक व्यक्ति को अवैध पिस्टल बेचने के लिए अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग पर पहुंचने वाले हैं. यह जगह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास बताई गई थी.

सूचना मिलते ही परतापुर पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी. पुलिस का कहना है कि संदिग्धों को रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान दिल्ली निवासी आमिर के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

हालांकि, आमिर के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले. पुलिस ने उनकी तलाश में आसपास के इलाके में कॉम्बिंग शुरू की और घेराबंदी तेज कर दी.

खंडहरनुमा भवन से तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी तो फरार हुए तीनों आरोपियों का सुराग कांशीराम योजना इलाके में मिला. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां एक खंडहरनुमा भवन को घेर लिया. तलाशी और दबिश के दौरान शुऐब, शादान उर्फ पकौड़ी और साजिद को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए. कुल सात .32 बोर की पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला. पुलिस ने एक चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की है. जांच में सामने आया कि इस बाइक को लेकर देहली गेट थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है. इसके अलावा आरोपियों के पास से एक सुजुकी स्कूटी भी मिली, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर घटना में किया गया था.

हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की बात

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अवैध पिस्टलों की खरीद-फरोख्त और उनकी तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए जाते थे और इस नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय आमिर, 28 वर्षीय शुऐब, 27 वर्षीय शादान उर्फ पकौड़ी और 55 वर्षीय साजिद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शुऐब और शादान के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे भी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: 2026 सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल से विनेश फोगाट बाहर! दिल्ली हाई कोर्ट ने झटका देते हुए खारिज की अर्जी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read