मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गलियों में कभी खौफ का दूसरा नाम रहे गैंगस्टर उधम सिंह की रातें अब फिर से बेचैनी में गुजरने वाली हैं. मेरठ पुलिस ने उधम सिंह समेत सात ऐसे अपराधियों की लिस्ट जारी की है, जो कानून की गिरफ्त से दूर भाग रहे हैं. एसएसपी अविनाश पांडे ने कड़ा रुख अपनाते हुए इन सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है.
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने जरायम की दुनिया में हड़कंप मचा दिया है. आइए जानते हैं कि आखिर उधम सिंह ने इस बार क्या नई चाल चली और पुलिस ने कैसे उसकी घेराबंदी की है.
जमानत के लिए बिछाया ‘फर्जी’ जाल
उधम सिंह पर हत्या, लूट और डकैती जैसे एक-दो नहीं बल्कि पूरे 71 मामले दर्ज हैं. हाल ही में वह जेल से बाहर आया था, लेकिन मेरठ पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पता चला कि उधम सिंह ने कोर्ट को गुमराह करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया और इसी आधार पर जमानत हासिल की थी. पुलिस ने इस धोखाधड़ी को गंभीरता से लेते हुए उसके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर लिया है और कोर्ट से एनबीडब्ल्यू (NBW) वारंट भी निकलवा लिया है.
6 और बदमाश पुलिस के रडार पर
एसएसपी अविनाश पांडे ने केवल उधम सिंह ही नहीं, बल्कि जनपद के अलग-अलग थानों में वांछित छह अन्य अपराधियों की भी कुंडली खंगाल डाली है. अपहरण और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फरार इन बदमाशों पर भी 25-25 हजार का इनाम रखा गया है. इनकी पहचान वंश चपराना, विनय, गौरव चौहान, सुहैल, जुनैद, फुरकान के नाम से हुई है.
धरपकड़ के लिए विशेष टीम
मेरठ पुलिस अब इन बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए हाई-टेक तरीके अपना रही है. एसएसपी ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. इतना ही नहीं, सर्विलांस के जरिए अपराधियों की पल-पल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है.
ये भी पढ़ें: काफिले छोटे और इरादे बड़े: पीएम मोदी ने क्यों की जज की साइकिल और गवर्नर की बस यात्रा की तारीफ?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




