Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

MLA राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव को याद कराया सपा का शासन, कहा- तब हर दिन होती थीं 7,650 वारदातें, व्यापारी डर के साये में जीते थे

भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि एक वक्त था जब यूपी में हर दिन औसतन 7,650 संगीन अपराध दर्ज होते थे.

BJP MLA Rajeshwar Singh

उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि एक वक्त था जब यूपी में हर दिन औसतन 7,650 संगीन अपराध दर्ज होते थे. व्यापारियों की हत्याएं, फिरौती, अपहरण, डकैती—ये सब आम बात हो गई थी. लोग इतने डर में जी रहे थे कि कारोबार समेटने लगे थे और कई व्यापारी तो प्रदेश छोड़कर जाने को मजबूर हो गए थे.

राजेश्वर सिंह ने ट्वीटर पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सपा सरकार के पांच सालों में 25,000 से ज्यादा हत्याएं हुईं. ये आंकड़े किसी राजनीति का हिस्सा नहीं, बल्कि उस अराजकता के गवाह हैं जो तब हर जिले में दिखती थी.”

आज का यूपी, कल के यूपी से बिल्कुल अलग है

विधायक राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था को लेकर अपनाई गई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की सराहना करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे सुरक्षित राज्य के रूप में जाना जा रहा है.

उन्होंने कहा, “योगी जी ने जिस तरह से अपराधियों पर शिकंजा कसा है, वो पहले कभी नहीं हुआ. 70,000 से ज्यादा अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है, 1,000 से अधिक पर एनएसए और 200 से ज्यादा दुर्दांत अपराधी पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए हैं.”

सपा को माफिया दिखता है, हमें विकास

राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा का मॉडल था ‘एक जिला, एक माफिया’, जबकि योगी सरकार ‘एक जिला, एक उत्पाद’ के जरिए स्थानीय कारोबार को नई ऊंचाई पर ले जा रही है.

उन्होंने कहा, “सपा शासन में शिक्षा माफिया, भू-माफिया और खनन माफिया का बोलबाला था. लेकिन आज उत्तर प्रदेश में व्यापारी बिना डर के व्यापार कर रहा है और सरकार खुद व्यापारी कल्याण दिवस मना रही है. व्यापारियों को भामाशाह सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया जा रहा है.”

तेजी से बढ़ रही है यूपी की अर्थव्यवस्था

विधायक ने आंकड़े रखते हुए बताया कि आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. राज्य की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ से बढ़कर अब 31 लाख करोड़ के पार पहुंच चुकी है. यूपी की विकास दर 11.5% से ज्यादा है और प्रति व्यक्ति आय भी अब 1.20 लाख रुपये तक जा पहुंची है.

बीजेपी विधायक ने कहा, “यह वही प्रदेश है, जिसे कभी देशभर में बीमारू राज्यों की सूची में गिना जाता था. आज यूपी आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुका है.”

सपा की राजनीति अब नहीं चलने वाली

राजेश्वर सिंह ने सपा प्रमुख पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सपा के पास अब न कोई विकास का एजेंडा है, न कोई नीति. “इनकी राजनीति केवल जातिवाद, तुष्टिकरण और वोटबैंक तक सीमित रह गई है. आतंकवादियों के केस वापस लेने जैसी सोच प्रदेश को पीछे ले जाती है.”

उन्होंने कहा, “हमारी युवा पीढ़ी जाति की जंजीरों में नहीं, अवसर की उड़ान में विश्वास रखती है. इसलिए मेरी सपा प्रमुख से अपील है—कृपया उत्तर प्रदेश को फिर से जाति के जहर में मत झोंकिए. प्रदेश अब बदल चुका है.”

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital