Meerut Saurabh Murder Case: मेरठ में पति की हत्या के आरोप में जेल में बंद महिला बंदी मुस्कान ने कृष्ण भगवान जैसे बेटे को जन्म देने की इच्छा जताई है. यह वही मुस्कान है, जिस पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या का आरोप है. मुस्कान इस समय मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में निरुद्ध है और अपनी गर्भावस्था के चलते जमानत पाने के प्रयास कर रही है.
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी मुस्कान ने कुछ समय पहले अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या की थी. पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को टुकड़ों में कर नीले ड्रम में रखा गया और उस पर सीमेंट का घोल डालकर छिपाने की कोशिश की गई. पुलिस ने मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था.
मेरठ की अदालत से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद अब मुस्कान और साहिल ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में राहत पाने की कोशिश की है. इसी बीच जेल में साथी बंदियों से बातचीत के दौरान मुस्कान ने कृष्ण भगवान जैसे बेटे को जन्म देने की इच्छा व्यक्त की. इस संबंध में चौधरी चरण सिंह जिला कारागार के वरिष्ठ कारगर अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का कहना है कि जेल मैनुअल के अनुसार गर्भवती बंदी की पूरी देखभाल की जा रही है. इलाज से लेकर खानपान तक की सभी व्यवस्थाएं नियमों के मुताबिक सुनिश्चित की गई हैं.
आखिर होने वाले बच्चे का असली पिता कौन है
इसी बीच जेल में बंद आरोपी महिला मुस्कान रस्तोगी के प्रेग्नेंट होने की जानकारी सामने आने के बाद अब यह चर्चा छिड़ गई है कि आखिर उसके होने वाले बच्चे का असली पिता कौन है. उसका पति सौरभ राजपूत या फिर प्रेमी साहिल शुक्ला? दरअसल, 27 अगस्त को कराए गए अल्ट्रासाउंड में डॉक्टरों ने बताया कि मुस्कान लगभग 26 हफ्ते पहले गर्भवती हुई थी. यह वही समय था जब सौरभ लंदन से मेरठ आया हुआ था. ठीक इसी दौरान पति की हत्या की साजिश रची गई थी.
क्या था पूरा मामला?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 3 मार्च 2025 को 28 साल की मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी. वारदात को छिपाने के लिए लाश को एक बड़े नीले ड्रम में डालकर ऊपर से कंक्रीट भर दिया गया. इस सनसनीखेज हत्या का राज 15 मार्च को खुला, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया.
आपको बता दें सौरभ राजपूत लंदन में नौकरी करता था. 24 फरवरी को वह मेरठ आया था. पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्कान और साहिल पहले से ही उसकी हत्या की प्लानिंग कर चुके थे. मुस्कान और सौरभ की शादी 2016 में हुई थी. यह एक लव मैरिज थी और दोनों की एक छोटी बेटी भी है. शादी के बाद सौरभ काम के सिलसिले में लंदन चला गया. वह हर महीने पत्नी और बेटी से मिलने भारत आता था. इसी बीच मुस्कान की नज़दीकियां पुराने दोस्त साहिल शुक्ला से बढ़ने लगीं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
