मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध भैरव मंदिर में बेखौफ चोर ने दानपात्र तोड़कर की चोरी, घटना सीसीटीवी में कैद. (PC; भारत एक्सप्रेस)
Muzaffarnagar News:नीरज त्यागी/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेखौफ चोर ने मंदिर परिसर में घुसकर दानपात्र तोड़ डाला और उसमें रखे पैसे चुराकर फरार हो गया. पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.
मीरापुर के रसूलपुर स्थित भैरव मंदिर में अज्ञात चोर ने दानपात्र तोड़कर नकदी चुरा ली. मंदिर व्यवस्थापक सतीश छाबड़ा द्वारा पकड़े जाने पर आरोपी भाग निकला. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और चोर की तलाश में जुटी है.
क्या है मामला?
घटना मीरापुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित प्रसिद्ध भैरव मंदिर की है. बुधवार को मंदिर के व्यवस्थापक सतीश छाबड़ा किसी काम से पास के बाजार गए हुए थे. इसी दौरान एक अज्ञात शातिर चोर मंदिर प्रांगण में दाखिल हुआ और लोहे की रॉड से दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी रकम बटोर ली.
मौका पाते ही आरोपी फरार
चोरी करने के बाद जब आरोपी मंदिर के पिछले हिस्से की तरफ जाने लगा, तभी व्यवस्थापक सतीश बाजार से वापस लौट आए. संदिग्ध हलचल देखकर उन्होंने चोर को मौके पर ही धर दबोचा. हालांकि, हमला होने या हथियार के डर से जैसे ही सतीश ने उसे मजबूती से पकड़ा, आरोपी खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकला. सतीश ने काफी दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया.
पुलिस जांच शुरू
घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची मीरापुर पुलिस ने मंदिर के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. मंदिर प्रशासन का कहना है कि दानपात्र लंबे समय से नहीं खुला था, इसलिए चोरी हुई सटीक राशि का आकलन करना मुश्किल है.
यह भी पढ़ें-कैसी है ये सनक! 11 साल से लड़की खा रही थी खुद के बाल, ऐसे खुला राज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


