Muzaffarpur Instagram exploitation case
Muzaffarpur Instagram exploitation case: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एक नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर उसका यौन शोषण करने और ब्लैकमेल करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात की दवाइयां भी खिलाईं. अब शादी की बात से मुकरने और प्रताड़ित किए जाने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए महिला थाने का दरवाजा खटखटाया है.
मॉल में काम करने के दौरान हुई थी दोस्ती
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पारिवारिक और आर्थिक तंगी के कारण एक मॉल में काम करती है. इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई. आरोपी युवक भी काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के पास स्थित एक अन्य मॉल में कार्यरत है. सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया.
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया गंदा काम
छात्रा के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में बुलाया. वहां उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी गई, जिसमें कथित तौर पर कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था. ड्रिंक पीते ही वह बेहोश हो गई और इसी का फायदा उठाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. होश में आने पर जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे चुप रहने और किसी को कुछ न बताने का दबाव बनाया.
गर्भवती होने पर खिलाई दवाइयां, अब शादी से मुकरा
पीड़िता का आरोप है कि शादी का वादा कर आरोपी उसे अक्सर अपने घर बुलाता था और लगातार उसका फायदा उठाता रहा. इस बीच जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे धोखे से कई बार गर्भपात की दवाइयां खिला दीं. पीड़िता ने जब उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने साफ इनकार कर दिया और उसे ब्लैकमेल व प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.
इस पूरे मामले को लेकर टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि मिठनपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




