Kochi Naval Base Spy News: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय नौसेना (Indian Navy) के एक जवान को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. यह जवान न केवल भारतीय नौसेना की रणनीतिक जानकारियां सीमा पार भेज रहा था, बल्कि इसके बदले उसे भारी रकम भी मिल रही थी. इस गिरफ्तारी के बाद रक्षा मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.
केरल के कोच्चि बेस पर थी तैनाती
पकड़े गए आरोपी की पहचान आगरा के कागारोल थाना क्षेत्र स्थित चीतपुर गांव निवासी आदर्श कुमार उर्फ लक्की के रूप में हुई है. आदर्श भारतीय नौसेना में लांस नायक (LS) के पद पर तैनात था और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग केरल के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कोच्चि नेवल बेस पर थी. कोच्चि बेस भारत की समुद्री सुरक्षा का एक प्रमुख केंद्र है, जहां से कई संवेदनशील ऑपरेशन्स संचालित किए जाते हैं.
हनीट्रैप या पैसों का लालच? जांच जारी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आदर्श कुमार लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स के संपर्क में था. वह मोबाइल के जरिए कोच्चि बेस की महत्वपूर्ण और रणनीतिक फोटो, नक्शे और अन्य संवेदनशील दस्तावेज पाकिस्तानी एजेंटों को लीक कर रहा था. एटीएस को जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन हुआ है. प्रारंभिक साक्ष्यों के अनुसार, जासूसी के बदले उसे पाकिस्तान से पैसे मिल रहे थे और वह भी कुछ संदिग्ध खातों में रकम भेज रहा था.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पर्याप्त डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य मिलने के बाद यूपी एटीएस ने आदर्श को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. न्यायालय ने मामले की गंभीरता और देश की सुरक्षा से जुड़े तथ्यों को देखते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया है. एटीएस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और आदर्श ने अब तक कितनी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है.
ये भी पढ़ें: ‘100 सुनार की, एक लोहार की..’, हिमंता का घर भेदने को तैयार हेमंत, क्या है 40 का फॉर्मूला?
एक सैनिक जिसका कर्तव्य देश की सीमाओं की रक्षा करना होता है, उसका चंद पैसों के लिए गद्दारी करना सुरक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े करता है. एटीएस और नेवी इंटेलिजेंस अब संयुक्त रूप से पूरे जासूसी नेटवर्क (Spy Ring) को ध्वस्त करने में जुटी हैं. यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया और डिजिटल संचार के माध्यम से होने वाली ‘हनीट्रैप’ और ‘साइबर जासूसी’ के खतरों को उजागर करता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


