Bharat Express DD Free Dish

खाते में पैसे, फिर भी अंधेरे में 400 परिवार! नोएडा के अरुण विहार में बिजली विभाग की मनमानी से जनता परेशान

Noida Arun Vihar Power Cut: नोएडा के अरुण विहार में बिजली विभाग ने बिना किसी सूचना के बिजली बंद कर दी. जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली विभाग के इस रवैये से करीब 400 लोग प्रभावित हुए.

Noida Arun Vihar Power Cut

Noida Arun Vihar Power Cut: उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग की मनमानी सिर चढ़कर बोल रही है. ताजा मामला नोएडा के अरुण विहार में देखने को मिला. जहां रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग ने बिना किसी सूचना के उनके यहां की बिजली बंद कर दी. जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नोएडा के सेक्टर 28,29 और 37 को मिलाकर अरुण विहार कहा जाता है. लोगों ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने शनिवार की सुबह से लेकर देर रात तक लगभग 300 से 400 परिवारों की बिजली काट दी. जबकि उन्हें इसकी पहले से सूचना भी नहीं दी गई थी.

खाते में पैसे होने के बावजूद कट गई बिजली

मीडिया को अरुण विहार के लोगों ने बताया कि उनके प्रीपेड खातों में काफी पैसे होने के बावजूद 3 बजे उनकी बिजली काट दी गई. बिजली विभाग के इस रवैये से करीब 400 लोग प्रभावित हुए.

अरुण विहार रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत गुप्ता ने मीडिया को बताया कि यहां कई बुजुर्ग अकेले रहते हैं. कई परिवारों में बच्चे नहीं हैं. कई महिलाएं तो कई पुरुष यहां अकेले निवास करते हैं. ऐस में बिजली विभाग का यह रवैया बिल्कुल भी सही नहीं है. यह सुरक्षा का भी मामला है.

कई घंटे रही बिजली कटौती

वहां के निवासियों ने बताया कि जब अरुण विहार के लोग पावर हाउस पहुंचे तो वहां पर उन्हें अपना रिचार्ज अमाउंट और अकाउंट आईडी तैयार रखने और मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर को देने के लिए कहा गया. जिसके बाद विभाग बिजली की आपूर्ति बहाल करेगा.

ये भी पढ़ें- इजरायल-ईरान युद्ध के चलते सोने की कीमतों में इजाफा… 23,000 रुपए महंगा हुआ सराफा बाजार, अंतरराष्ट्रीय मार्केट का क्या हाल

कई लोगों ने बताया कि उनके खाते में एक हजार से ज्यादा रुपये थे फिर भी उनकी बिजली काटी गई और दोबारा रिचार्ज करने के लिए कहा गया.

दूसरी तरफ बिजली विभाग के कर्मचारियों ने इन आरोपों से इनकार किया है. विभाग के मुताबिक अरुण विहार में रहने वाले लोगों को कई बार रिचार्ज करने के लिए अनुरोध भेजा गया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसलिए बिजली काटी गई.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read