प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ का दौरा करेंगे. इस दौरान वे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के बाद पीएम मोदी खुद मेट्रो में सफर करके सुविधाओं का जायजा लेंगे.
पीएम मोदी दोपहर करीब 12:30 बजे शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. वे शताब्दी नगर से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर करेंगे. इसके बाद वे करीब 1 बजे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. ये परियोजनाएं लगभग 12,930 करोड़ रुपये की हैं. पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
नमो भारत RRTS की खासियत
नमो भारत ट्रेन देश की पहली RRTS सेवा है. इसकी डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है. पूरा दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर 82 किमी लंबा है. सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी के बाकी सेक्शन भी शुरू होंगे. अब सराय काले खां से मोदीपुरम तक का सफर सिर्फ 55 मिनट में पूरा होगा. यह दिल्ली, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ को तेज कनेक्टिविटी देगा.
मेरठ मेट्रो का शुभारंभ
मेरठ मेट्रो मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच चलेगी. इसकी अधिकतम स्पीड 120 किमी प्रति घंटा है. यह देश की सबसे तेज मेट्रो सेवाओं में से एक होगी. पूरा रूट महज 30 मिनट में तय होगा. नमो भारत RRTS और मेरठ मेट्रो एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलेंगी. यह भारत में पहला ऐसा प्रयोग है. इससे इंटीग्रेटेड ट्रांजिट सिस्टम का नया मानक बनेगा.
चार नए स्टेशन और फायदे
परियोजना में सराय काले खां, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम जैसे चार नए स्टेशन शुरू होंगे. सराय काले खां को मल्टी-मॉडल हब बनाया गया है. यह हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो, बस और रिंग रोड से जुड़ा होगा. इससे दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक कम होगा, प्रदूषण घटेगा और यात्रा आसान, आरामदायक व तेज होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

