Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने की अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना, लखनऊ के अस्पताल में हैं भर्ती

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को सीने में दर्द और बेहोशी के बाद लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.

PM Modi On Ajay Rai Health Update

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के एक निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत के बाद उनका इलाज जारी है. इस बीच, राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.

पीएम मोदी ने ‘X’ पर किया पोस्ट

सियासत में वैचारिक लड़ाई अपनी जगह है, लेकिन मानवीय संवेदनाएं हमेशा सर्वोपरि होती हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट के जरिए अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की. पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें अजय राय के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है और वह उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं.

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, अजय राय शुक्रवार को दिन में पार्टी द्वारा आयोजित शिक्षकों और डॉक्टरों के एक सम्मेलन में भाग ले रहे थे. इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि इसी सम्मेलन के दौरान उन्होंने बेचैनी और दर्द की शिकायत की थी. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनकी हालत अचानक और बिगड़ गई. उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गए, जिसके बाद बिना किसी देरी के उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

शाम को एलपीजी के मुद्दे पर दिया था बयान

अस्पताल में भर्ती होने से पहले, शुक्रवार शाम को ही अजय राय ने मीडिया से बातचीत भी की थी. इस दौरान उन्होंने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने कहा था, “हम तो शुरू से ही कहते आ रहे थे कि गैस की कीमतें बढ़ाई जाएंगी. जैसे ही चुनाव और मतदान खत्म हुआ, सरकार की चालाकी देखिए… उन्होंने रातों-रात कीमतें बढ़ा दीं.”

ये भी पढ़ें: ‘4 मई दीदी गई…’, बंगाल चुनाव पर फलोदी सट्टा बाजार का ‘महा-यू-टर्न’! ताजा आंकड़ों ने क्यों उड़ाये ममता बनर्जी के होश?

अजय राय के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चिंता है. फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. राहत की बात यह है कि ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर (Stable) बताई जा रही है और इलाज सही दिशा में चल रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read