Ram Mandir- Champat Rai
Ram Mandir news: अयोध्या/मनमीत: अयोध्या में चल रहा ‘चोरी का रण’ थमने का नाम नहीं ले रहा है. राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के मामले में लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं. इस बीच राम मंदिर में रखी गई स्वर्ण मंडित रामचरितमानस (Gold-Plated Ramcharitmanas) के गायब होने का आरोप लगाया गया. हालांकि, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक से पहले मंदिर ट्रस्ट के सदस्य गोपाल राय ने तस्वीर जारी कर बताया कि मंदिर के गुड मंडप की आभूषण कोठरी में स्वर्ण मंडित रामचरितमानस सुरक्षित रखी गई है.
पूर्व गृह सचिव ने लगाया गंभीर आरोप
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक से करीब 36 घंटे पहले केंद्र सरकार के पूर्व गृह सचिव एस. लक्ष्मीनारायण ने एक बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने टीवी चैनलों से बातचीत में कहा कि उन्होंने स्वर्ण मंडित रामचरितमानस ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को भेंट की थी, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई. उनका आरोप है कि अब यह स्वर्ण मंडित रामचरितमानस गायब है और उसका कोई पता नहीं चल रहा.
स्वयं आकर देख लें- ट्रस्ट
ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव ने ग्रंथ की तस्वीर जारी करते हुए बताया कि यह रामचरितमानस पूरी तरह सुरक्षित है और मंदिर परिसर के गुड मंडप स्थित आभूषण कोठरी (ज्वेलरी स्ट्रॉन्ग रूम) में संरक्षित रखी गई है. जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले पूर्व आईएएस अधिकारी और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय गृह सचिव लक्ष्मी नारायण ने इस विशेष सोने से युक्त श्रीरामचरितमानस को चंपत राय को भेंट किया था. दान मिलने के बाद इसे कुछ समय तक रामलला के गर्भगृह के सामने श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया था. बाद में सुरक्षा की दृष्टि से इसे गुड मंडप की आभूषण कोठरी में सुरक्षित रख दिया गया.
इस पूरे मामले पर ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव ने तस्वीर साझा करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय गृह सचिव लक्ष्मी नारायण जब चाहें मंदिर आकर स्वयं इस ग्रंथ को देख सकते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस समय यह श्रीरामचरितमानस मंदिर को दान की गई थी, उसी समय इसकी विधिवत प्रविष्टि मंदिर के आधिकारिक दान रजिस्टर में दर्ज कर ली गई थी.
ये भी पढ़ें: ‘मुझे भूले तो नहीं…’, नितिन नवीन का पक्ष लेकर कूदे दिल्ली के कैबिनेट मंत्री परवेश वर्मा, केजरीवाल पर कसा मजाकिया तंज
ट्रस्ट का कहना है कि दान में प्राप्त इस बहुमूल्य धार्मिक ग्रंथ का पूरा रिकॉर्ड मंदिर के रजिस्टर में मौजूद है और इसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है. तस्वीर जारी कर ट्रस्ट ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि सोने से अलंकृत श्रीरामचरितमानस पूरी तरह सुरक्षित है तथा उसके संरक्षण को लेकर किसी प्रकार की आशंका की आवश्यकता नहीं है.
दोपहर 3 बजे होगी ट्रस्ट की अहम बैठक
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज अहम बैठक होगी (Ram Mandir Trust Meeting). यह बैठक सोमवार दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर में आयोजित की जाएगी. बैठक में ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे चुके चंपत राय (Champat Rai) और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा के भविष्य को लेकर फैसला लिया जा सकता है. इसके अलावा राम मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



