Bharat Express DD Free Dish

शमी के रोजा न रखने पर भड़के शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी, बीजेपी बोली- नहीं चलेगी मौलाना की दादागिरी, पढ़ें, क्या है पूरा विवाद

Mohammad Shami Roza Controversy: दुबई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहम्मद शमी का एनर्जी ड्रिंक पीते हुए फोटो वायरल हुई थी.

Mohammad Shami

क्रिकेटर मोहम्मद शमी और मौलाना शहाबुद्दीन.

Mohammad Shami Roza Controversy: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी धर्मगुरुओं के निशाने पर आ गए हैं. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का कहना है कि शमी ने पवित्र रमजान के माह में रोजा नहीं रखा है. उन्होंने कहा कि क्रिकेटर ने रोजा न रखकर बहुत बड़ा गुनाह किया है, शरीयत की नजर में वह मुजरिम हैं. मौलाना के इस बयान पर फरंगी महली ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने शमी का समर्थन करते हुए कहा कि उनके पास रोजा न रखने का विकल्प है.

बीजेपी ने शमी का किया समर्थन

वहीं यूपी बीजेपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इस मामले पर कहा कि आस्था किसी भी व्यक्ति का निजी मसला होता है. आप किसी दूसरे की आस्था को ठेस मत पहुंचाइये, बाकी प्रार्थना, पूजा पद्धति, इबादत, व्रत-अनुष्ठान या नमाज रोजे का पालन करना है अथवा नहीं यह आप खुद की मर्जी पर तय कर सकते हैं. कोई मुल्ला, मौलवी, मुफ्ती, उलेमा, साधु-संत या पंडित जी तय नहीं करेंगे.

राकेश त्रिपाठी ने आगे कहा, नवरात्रि/जन्माष्टमी का व्रत रखने के लिए किसी को मजबूर नहीं किया जाता. गुनहगार नहीं माना जाता. तो फिर किसी को रोजे ना रखने पर गुनहगार कैसे बनाया जा सकता है. मौलाना की दादागिरी नहीं चलेगी.’

दरअसल, दुबई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहम्मद शमी का एनर्जी ड्रिंक पीते हुए फोटो वायरल हुई थी. उनकी इसी फोटो पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने नाराजगी जताई है और क्रिकेटर को नसीहत भी दी.

मौलाना क्या बोले-?

मौलाना शहाबुद्दीन ने मोहम्मद शमी के रोजा नहीं रखने पर आपत्ति जताते हुए कहा, ”इस्लाम ने रोजे को फर्ज करार दिया है और अगर कोई शख्स जानबूझकर रोजा नहीं रखता है तो वह निहायत गुनाहगार है. ऐसे ही क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने किया है, उन्होंने रोजा नहीं रखा, जबकि रोजा रखना उनका वाजिब फर्ज है. रोजा न रखकर मोहम्मद शमी ने बहुत बड़ा गुनाह किया है, शमी शरीयत की नजर में मुजरिम हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि मोहम्मद शमी को हरगिज ऐसा नहीं करना चाहिए. मैं उनको हिदायत और नसीहत भी देता हूं कि इस्लाम के जो नियम हैं, उन पर वो अमल करें. क्रिकेट, खेलकूद भी करें, सारे काम अंजाम दें, मगर अल्लाह ने जो जिम्मेदारी बंदे को दी है, उनको भी निभाएं. इतनी तमाम चीजों को मोहम्मद शमी को समझना चाहिए.

बता दें कि दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्‍ट्रेल‍िया को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. ऑस्ट्रेलिया टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 264 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

यह भी पढ़ें- संन्यास के बारे में स्टीव स्मिथ ने पहले ही विराट कोहली को दे दी थी जानकारी? वायरल हुआ वीडियो

265 रनों का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 11 गेंद शेष रहते चार विकेट से मैच जीत लिया था. इसी मैच के दौरान शमी का एनर्जी ड्रिंक पीते हुए फोटो सामने आई थी, जिस पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई में खेला जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read