UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में अपना घोषणापत्र जारी करने जा रही है. दोपहर 3 बजे आने वाले इस घोषणापत्र में महिलाओं को 40 हजार रुपया सालाना देने की घोषणा, तीन अलग श्रेणियों के वादे और कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बढ़ी तकरार सुर्खियों में बनी हुई है.
26 नवंबर को जारी होने वाले समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र से महिलाओं को 40 हजार रुपया सालाना, लखनऊ के इंफ्रास्ट्रक्चर और पीडीए से जुड़े एजेंडे की तस्वीर साफ होगी. दूसरी ओर, घोषणापत्र से ठीक पहले सीट शेयरिंग को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच उभरी खींचतान ने चुनावी सियासत की हलचल बढ़ा दी है.
तीन श्रेणियों में आएगा सपा का घोषणापत्र
समाजवादी पार्टी का यह घोषणापत्र ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से तीन श्रेणियों में पेश किया जाएगा, जो पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आम जनता के मुद्दों पर केंद्रित होगा. इसके तहत राज्य-स्तरीय घोषणापत्र में पूरे प्रदेश का विजन, जिला-स्तरीय घोषणापत्र में सभी 75 जिलों की स्थानीय जरूरतों और लखनऊ के विशेष घोषणापत्र में शहरी विकास के वादे शामिल रहेंगे.
महिलाओं को 40 हजार रुपया और लखनऊ के वादे
घोषणापत्र में महिलाओं को 40,000 रुपया सालाना देने का ऐलान प्रमुख रहेगा, जबकि पात्रता से जुड़ी जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट की जाएगी. इसके अलावा युवाओं के लिए अहम घोषणाओं के साथ लखनऊ में जाम से राहत, नए फ्लाईओवर ब्रिज, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का वादा भी किया जाएगा.
सीट शेयरिंग पर सपा-कांग्रेस में खींचतान
घोषणापत्र जारी होने से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर टेंशन तेज हो गई है. 403 में से 26 सीटों के कथित ऑफर और सपा की 5 उम्मीदवारों की सूची में दावेदारी वाली सीटों के आने से कांग्रेस नेता इमरान मसूद नाराज हैं और उन्होंने सपा पर गंभीर न होने का आरोप लगाते हुए तल्ख बयान दिए हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




