Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

राजस्थान के जल जीवन मिशन घोटाला मामले में कथित आरोपी और पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उन्हें जमानत दे दी है.

Supreme Court

राजस्थान के जल जीवन मिशन घोटाला मामले में कथित आरोपी और पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने सुबोध अग्रवाल को जमानत दे दिया है. सुबोध अग्रवाल को एसीबी ने 9 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया था.

अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए निजी कंपनियों को फायदा पहुचाया था. कोर्ट ने दायर जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद 16 नवंबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था. इससे पहले राजस्थान हाई कोर्ट ने सुबोध अग्रवाल को जमानत देने से इनकार कर दिया था. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल मे जल जीवन मिशन घोटाले के मामले में तत्कालीन मंत्री डॉक्टर महेश जोशी और रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल के साथ जलदाय विभाग से जुड़े कई अधिकारी और दलाल एसीबी के जाल में फंसे है.

इस मामले में दलाल संजय बड़ाया, प्रकाश सोनी, कृष्णदीप गुप्त, संजीव कुमार, दिलीप कुमार गौड़ और मुकेश पाठक शामिल हैं. राजस्थान हाई कोर्ट ने इन सब की ओर से दायर जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया था. इस मामले में एसीबी ने 17 हजार 500 पेज का चार्जशीट दाखिल किया है.

तीन आरोपियों के फरार होने पर अदालत ने जारी किए गिरफ्तारी वारंट

इससे पहले रिटायर्ड और वर्तमान अधिकारी दिनेश गोयल, कृष्णदीप गुप्ता, शुभांशु दीक्षित, सुशील शर्मा, विशाल सक्सेना, अरुण श्रीवास्तव, डीके गौड़, महेंद्र प्रकाश सोनी, मुकेश पाठक और निरिल कुमार के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था. इसके अलावा जितेंद्र शर्मा, मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता के फरार होने के चलते अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखें हैं.

बता दें कि एसीबी ने साल 2024 में एफआईआर दर्ज किया था. एसीबी जांच में ठेका फर्म श्रीगणपति ट्यूबवेल और श्रीश्याम ट्यूबवेल के संचालकों ने इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर पीएचईडी के अधिकारियों से मिलीभगत कर करीब 960 करोड़ रुपए टेंडर हासिल किए. मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.

ईडी तत्कालीन मंत्री महेश जोशी सहित अन्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है. लंबे समय तक जेल बिताने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने जोशी को कुछ शर्तों के साथ जमानत दे दिया था.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism