Bahraich Crocodile Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच से हाल ही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी. यहां के सरयू नदी के किनारे हाथ-पैर धो रहे एक 12 साल के बच्चे को आदमखोर मगरमच्छ ने कच्चा चबा लिया था. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. अब वन विभाग की टीम की कड़ी मशक्कत के बाद उस आदमखोर मगरमच्छ को पकड़ लिया गया है.
हाथ-पैर धोने पहुंचा था नदी किनारे
यह घटना बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव का है. यहां रहने वाला 12 वर्षीय सुनील सिंह गुरुवार दोपहर अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था. शाम को काम खत्म करने के बाद दोनों हाथ-पैर धोने के लिए पास ही बहने वाली घाघरा नदी के किनारे पहुंचे. सुनील पानी से हाथ-मुंह धो ही रहा था कि अचानक लहरों के बीच से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने पलक झपकते ही उस पर हमला कर दिया.
किनारे खड़े चाचा और अन्य ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने के लिए मगरमच्छ पर ईंट-पत्थर भी फेंके, लेकिन वे बेबस रहे. मगरमच्छ बच्चे को गहरे पानी में ले गया और वहां उसे दो-तीन बार हवा में उछालकर पानी पर पटका और फिर उसे निगलते हुए ओझल हो गया.
टॉर्च की रोशनी में 5 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया. शाम ढलने के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और टॉर्च की रोशनी के सहारे नदी में करीब 500 मीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब 5 घंटे की भारी मशक्कत के बाद, रात 10 बजे घटनास्थल से दूर बच्चे का क्षत-विक्षत आधा शव बरामद हुआ. शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
अनाथ भाई-बहनों के सिर से उठा सहारा
इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. मृतक सुनील के माता-पिता की सालों पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी और वह अपने चाचा के साथ रहता था. चार भाई-बहनों में सुनील ही घर का इकलौता चिराग था. उसकी मौत के बाद बड़ी बहन सुमन (14), छोटे भाई संजय (10) और छोटी बहन सीमा (7) का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया गया है.
फिलहाल, मगरमच्छ को पकड़ने के बाद अभी भी ग्रामीणों में डर का माहौल है. लोगों को नदी के पास जाने पर सावधान रहने की हिदायत दी गई है.
ये भी पढ़ें: 20 लाख का बीमा और आशिक से प्यार… मेरठ में पत्नी ने ऐसे रचा पति की मौत का ‘जहरीला खेल’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


