Industrial Investment in UP: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. कैबिनेट ने 15,189.7 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. इससे प्रदेश के विभिन्न जिलों में 12 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी. ये इकाइयां मेगा और सुपर मेगा श्रेणी की हैं.
किन जिलों में लगेंगी इकाइयां
ये नई इकाइयां मिर्जापुर, हरदोई, बुलंदशहर, रायबरेली, गौतमबुद्धनगर, सोनभद्र, मेरठ, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ जैसे जिलों में लगेंगी. इनमें ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र भी शामिल हैं. इन इकाइयों से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.
विभिन्न क्षेत्रों में निवेश होगा
निवेश विभिन्न क्षेत्रों में होगा. इनमें स्टील, आयरन, स्नैक्स, पेपर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीमेंट, सोलर और सेमीकंडक्टर जैसे सेक्टर शामिल हैं. कुछ प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं. मेरठ में एनएसएल रिन्यूएबल पॉवर प्राइवेट लिमिटेड 4,499 करोड़ रुपये से सोलर मैन्युफैक्चरिंग पार्क लगाएगी. सोनभद्र में एसीसी लिमिटेड 803 करोड़ से सीमेंट यूनिट बनाएगी. हरदोई में हल्दीराम स्नैक्स 349 करोड़ से प्लांट लगाएगी.
अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं
गौतमबुद्धनगर में कई कंपनियां इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर प्लांट लगाएंगी. अलीगढ़ में अल्ट्राटेक सीमेंट 628 करोड़ से उत्पादन बढ़ाएगी. मिर्जापुर में आयरन और स्टील प्लांट, बुलंदशहर में कोल्ड रोलिंग मिल और रायबरेली में पेपर मिल शामिल हैं. इन सभी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
अब निवेश का प्रमुख केंद्र बना यूपी
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है. निवेशक खुद यहां आकर निवेश करना चाहते हैं. सरकार हर प्रस्ताव को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है. हर निवेशक को सहयोग दिया जाएगा. ये फैसले प्रदेश में रोजगार और विकास की गंगा बहा देंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



