Bharat Express DD Free Dish

₹9.13 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट! इंफ्रास्ट्रक्चर से उद्योग तक, शिक्षा से स्वास्थ्य तक: सर्वांगीण विकास का ब्लूप्रिंट – डॉ राजेश्वर सिंह

Dr Rajeshwar Singh: उत्तर प्रदेश के बजट को बीजेपी विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास का स्पष्ट खाका बताया है. उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आय-व्यय का ब्योरा नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की योजना है.

Dr Rajeshwar Singh

Dr Rajeshwar Singh: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए ₹9,12,696.35 करोड़ का बजट पेश किया. इसे राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा बजट बताया जा रहा है. इस मौके पर सरोजनीनगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बजट को प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास का स्पष्ट खाका करार दिया.

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह बजट सिर्फ आय-व्यय का ब्योरा नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की योजना है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और वित्त मंत्री के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पेश किया गया यह दसवां बजट स्थिर सरकार और मजबूत नीति का संकेत देता है.

उन्होंने बताया कि इस बार का बजट पिछले साल की तुलना में करीब 12.9 प्रतिशत अधिक है. यह राज्य की मजबूत आर्थिक स्थिति और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

बजट की मुख्य बातें

  • नई योजनाओं के लिए ₹43,565 करोड़ से अधिक का प्रावधान.
  • इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्थिक मजबूती के लिए ₹2 लाख करोड़ से ज्यादा का आवंटन, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनेंगे.
  • कुल बजट का 19.5 प्रतिशत हिस्सा पूंजीगत व्यय के लिए, यानी सड़क, पुल, भवन और अन्य स्थायी संपत्तियों के निर्माण पर जोर.
  • शिक्षा के लिए 12.4 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 6 प्रतिशत राशि तय, जिससे मानव संसाधन को मजबूती मिलेगी.
  • कृषि और इससे जुड़ी सेवाओं के लिए 9 प्रतिशत बजट, ताकि किसानों की आय बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो.

3 प्रतिशत की सीमा में राजकोषीय घाटा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 16वें केंद्रीय वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार 2026–27 में राजकोषीय घाटा 3 प्रतिशत की सीमा में रखा जाएगा, जो 2030–31 तक लागू रहेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन के प्रति गंभीर है. वर्ष 2016–17 में 29.3 प्रतिशत रहे ऋण-जीएसडीपी अनुपात को 2019–20 तक घटाकर 27.9 प्रतिशत करना इसका उदाहरण है.

उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों और उद्यमियों सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर फोकस से प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में गति मिलेगी.

एलेनोर रूजवेल्ट का कथन किया कोट

डॉ. सिंह ने अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला एलेनोर रूजवेल्ट का एक कथन को भी कोट किया. उन्होंने कहा,

महान मस्तिष्क विचारों पर विमर्श करते हैं, सामान्य मस्तिष्क घटनाओं पर चर्चा करते हैं और छोटे मस्तिष्क व्यक्तियों में उलझे रहते हैं.

ये भी पढ़ें- RajPal Yadav Net Worth: 200+ फिल्में, करोड़ों की नेट वर्थ… फिर भी 9 करोड़ के केस में क्यों तिहाड़ जेल में बंद हैं राजपाल यादव?

उनका कहना था कि सरकार दीर्घकालिक विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि निराधार आलोचनाएं अपने आप कमजोर पड़ जाती हैं.

अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और यह बजट प्रदेश के नवनिर्माण और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read