Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP News: सीएम योगी का प्रत्येक विभाग को निर्देश, ‘अपनी कार्य प्रणाली में करें नवाचार का प्रयोग’

UP News: कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद में पुलिस विभाग भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर और प्रभावी कार्रवाई करें, भ्रष्‍टाचार में लिप्त पाए जाने पर उन्हें बर्खास्त किया जाए.

cm yogi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कानपुर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के साथ-साथ रोजगार मेला के माध्यम से हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र द‍िया और विकास कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा प्रत्येक विभाग अपनी कार्य प्रणाली में नवाचार का प्रयोग करें.

मुख्यमंत्री ने घनी आबादी वाले सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष अभियान चलाने, स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था करने, फॉगिंग, सेनेटाइजेशन, शुद्ध पेयजल व सड़क मरम्मत का कार्य 15 दिन में हर हाल में पूर्ण कराने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद के प्रत्येक विभाग अपनी कार्य प्रणाली में नवाचार का प्रयोग करें. प्रत्येक विभाग अपने विभागों में जन सुनवाई करें व प्रतिमाह जनपद, ब्लॉक व तहसील स्तर पर कोर ग्रुप की बैठक करायी जाए. अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल रिसीव करें व उनके द्वारा बताई गई जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निवारण कराएं.

गोवंशों को उचित स्थान पर रखा जाए: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नगरीय क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों को उचित स्थान पर रखा जाए. वह रास्तों पर भटकते हुए न दिखाई दें. साथ ही गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में सिटी फॉरेस्ट विकसित किया जाए. उन्होंने कानपुर विकास प्राधिकरण के द्वारा नगर में कन्वेंशन सेंटर की स्थापना करने के भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से भूमि लेकर नगर में स्मार्ट रोड का जाल बिछाया जाए, जिससे जनमानस को समस्याओं से जूझना न पडे़. कानपुर विकास प्राधिकरण नक्शे का कार्य शीघ्र पूर्ण करें. अवैध कालोनियों को बनने से रोका जाए, जिससे भू माफियाओं पर शीघ्र शिकंजा कसा जा सके.

नगर में कहीं भी अवैध वाहन स्टैंड नहीं होना

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर में कहीं भी अवैध वाहन स्टैंड नहीं होना चाहिए, मल्टीलेवल पार्किंग की समुचित व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए, जबकि ई-रिक्शों को अलग-अलग रंग प्रदान करते हुए इनके रूट निर्धारित किए जाएं. ई-रिक्शा चालकों का नियमित वेरिफिकेशन हो और नाबालिग ई-रिक्शा चालकों को चिन्हित कर उचित कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में ऑपरेशन कायाकल्प को रफ्तार दे. इसके लिए आवश्यकतानुसार सीएसआर फंड के माध्यम से भी कार्य को भी गति प्रदान की जाए. वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत सेकेंड्री व सीनियर सेकेंड्री शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्‍त करें.

जिला आपूर्ति अधिकारी को खास निर्देश

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि लाभार्थियों को मुफ्त राशन की पूर्ति समय पर सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित ग्रीन पार्क स्टेडियम के आस-पास से अवैध कब्जे न हों और यदि हों तो उन्हें जल्द से जल्द हटाया जाए, जिससे सितंबर में भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच में किसी तरह की कोई समस्या न होने पाए. उन्होंने निर्देश दिया कि इंटरनेशनल स्टेडियम में स्मार्ट सिटी मिशन व खेल विभाग द्वारा मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाए.

भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर प्रभावी कार्रवाई

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नगर के उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए. कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद में पुलिस विभाग भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर और प्रभावी कार्रवाई करें, भ्रष्‍टाचार में लिप्त पाए जाने पर उन्हें बर्खास्त किया जाए. उन्होंने कहा कि नगर में पेट्रोलिंग व फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील इलाकों में होमगार्डों की तैनाती भी बढ़ाई जाए, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे.

यह भी पढ़ें: कांग्रेस-सपा के लोगों के अंदर ‘जिन्ना’ की आत्मा घुस गई है: मुख्यमंत्री योगी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital