Bharat Express DD Free Dish

संभल में जाली नोटों का भंडाफोड़! ‘दाढ़ी वाले मौलाना’ गिरफ्तार, हैंडीक्राफ्ट की आड़ में करता था फर्जीवाड़ा

Sambhal fake currency case: उत्तर प्रदेश के संभल में एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जाली नोटों का बड़ा खुलासा हुआ है. शराफत हुसैन नामक आरोपी को नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया गया है.

Sambhal fake currency case

UP Sambhal fake currency

रिपोर्ट- अंसार मलिक


Sambhal fake currency case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में नकली नोटों के एक मामले का खुलासा हुआ है. एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की मुरादाबाद यूनिट और संभल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान शराफत हुसैन के रूप में हुई है, जिसे इलाके में ‘दाढ़ी वाले मौलाना’ के नाम से भी जाना जाता है. पुलिस ने उसके पास से 20 हजार रुपये की जाली भारतीय करेंसी बरामद की है.

चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी

यह पूरा मामला संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस और एटीएस की टीम घुंघावली रोड पर आम के बाग के पास चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान सरायतरीन निवासी शराफत हुसैन को शक के आधार पर रोका गया. जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोट मिले. कुल मिलाकर 20 हजार रुपये की फर्जी करेंसी बरामद हुई. पुलिस ने मौके से एक स्कूटी भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वह आने-जाने में करता था.

जांच में सामने आया कारोबार का तरीका

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराफत हुसैन हैंडीक्राफ्ट के कारोबार की आड़ में जाली नोटों को बाजार में चलाता था. वह इस धंधे को लंबे समय से कर रहा था और लोगों को बिना शक हुए नकली नोट थमा देता था. पुलिस को शक है कि वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है.


ये भी पढ़ें: मथुरा में दर्दनाक हादसा! तेज हवा से पलटी नाव, मचा कोहराम; 10 की हुई मौत


पुलिस ने भेजा जेल, नेटवर्क की तलाश जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. फिलहाल एटीएस और स्थानीय पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नकली करेंसी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नोट किन-किन इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read