Bharat Express DD Free Dish

UP News: हलवासिया मार्केट में Next Gen GST पर संवाद, डा. दिनेश शर्मा बोले– आत्मनिर्भर भारत की कुंजी है स्वदेशी

UP News: लखनऊ के हलवासिया मार्केट में डॉ. दिनेश शर्मा ने व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से जनता को राहत मिलेगी और स्वदेशी को नई गति मिलेगी.

UP News: लखनऊ के हजरतगंज स्थित हलवासिया मार्केट में मंगलवार को राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने व्यापारियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की कुंजी है. उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज महाशक्तियों को चुनौती देने की स्थिति में है.

हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी- डॉ. शर्मा

डॉ. शर्मा ने कहा कि इससे स्वदेशी अभियान को नई गति मिली है. उन्होंने ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का नारा देते हुए कहा कि यही आत्मनिर्भर भारत की पहचान है. उन्होंने कहा कि कुछ नकारात्मक शक्तियां इस लक्ष्य को चुनौती दे रही हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखते हैं.

जीएसटी दरों में कटौती से जनता को राहत

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी की दरों को सरल बनाना एक ऐतिहासिक कदम है जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने इसे एक प्रकार का ‘बचत उत्सव’ बताया जो अब हर घर में मनाया जा रहा है. रोजाना उपयोग की वस्तुएं सस्ती हो रही हैं जिससे त्योहारी सीजन में जनता की जेब पर बोझ कम होगा.

व्यापारियों ने लगाए नारे

कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों और नेताओं ने भी जीएसटी दरों में कटौती का स्वागत किया. ‘घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार’ का नारा लगाते हुए व्यापारियों ने प्रधानमंत्री का आभार जताया. डॉ. शर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि वे इस छूट का लाभ आम जनता तक जरूर पहुंचाएं.

स्वदेशी को मिलेगी नई रफ्तार-डॉ. शर्मा

इसी कड़ी में डॉ. शर्मा ने कहा कि अब भारत में हर प्रकार के सामान का उत्पादन होगा और देश में ही उसका उपभोग किया जाएगा. उन्होंने मिसाइल, तेजस विमान और बुलेट ट्रेन जैसे उदाहरण देकर भारत की ताकत को बताया. उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से व्यापारियों की बिक्री बढ़ेगी और आम जनता को त्योहारों पर सस्ती वस्तुएं मिलेंगी उन्होंने इसे ‘बचत उत्सव’ की शुरुआत बताया.

इसे भी पढ़ें-Weather Update: दिल्ली-NCR में बढ़ी उमस भरी गर्मी, बंगाल-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें पूरा वेदर अपडेट

उपस्थित रहे कई प्रमुख व्यापारी नेता

कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री संजय गुप्ता के साथ-साथ अवनीश त्रिपाठी हरविंदर सिंह मोहम्मद अफजल आशीष गुप्ता विमर्श रस्तोगी ताहिर हुसैन अंशु श्रीवास्तव दीपक रामचंदानी समेत कई व्यापारी उपस्थित रहे. डॉ. शर्मा ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे जीएसटी की छूट का लाभ आम जनता तक पहुंचाएं और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें. उन्होंने कहा कि Next Gen GST रिफॉर्म भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा, किसानों के साथ-साथ उद्योग जगत को सशक्त बनाएगा और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करेगा.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read