Bharat Express DD Free Dish

उरई मेडिकल कॉलेज में गलत मरीज को ऑपरेशन टेबल पर लिटाने का मामला, 5 कर्मचारी निलंबित

उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां पेट दर्द से भर्ती मरीज को ऑपरेशन थिएटर ले जाकर बिना पुष्टि के सर्जरी के लिए तैयार कर दिया गया. मरीज के विरोध करने के बावजूद इंजेक्शन दे दिए गए, जिससे वह डरकर भाग गया.

Deputy CM Brajesh Pathak

उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन टेबल पर गलत मरीज लिटाए जाने के मामले में सहायक आचार्य, सीनियर रेजिडेंट व तीन नर्सों को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर हुई है. डिप्टी सीएम ने लापरवाही पूर्ण घटना इस की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. इस संबंध में दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है.

माधौगढ़ के डिकोली निवासी बृजेश चौधरी को पेट दर्द की शिकायत थी. उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने आंतों में सूजन बताई. 28 जुलाई को सर्जरी वार्ड सात में उनको भर्ती किया गया था. डॉक्टर ने कहा था कि सुबह डिस्चार्ज कर देंगे. लेकिन दूसरे दिन मरीज को स्टाफ ऑपरेशन थिएटर लेकर पहुंच गए. मरीज के पूछने पर स्टाफ ने ऑपरेशन की बात कही. मरीज ने बताया कि डॉक्टर ने तो मुझे डिस्चार्ज करने के लिए बोला था. इसके बावजूद स्टाफ ने मरीज की एक न सुनी. ऑपरेशन थिएटर ले गए. दो इंजेक्शन लगा दिए थे. घबराया मरीज ऑपरेशन थिएटर से भाग खड़ा हुआ था.

दो डॉक्टर और तीन नर्स निलंबित

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना को बेहद लापरवाही पूर्वक बताया. उन्होंने बताया कि कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी एवं विभागाध्यक्ष, फॉरेंसिक मेडिसिन डॉ. पुनीत अवस्थी की एक संयुक्त कमेटी गठित कर की दी गयी है. शुरूआती जांच में 5 की भूमिका लापरवाही पूर्वक पाई गई.

प्रधानाचार्य ने आरोपित व ड्यूटी में तैनात 2 सहायक आचार्य, सर्जरी डॉ. सुधांशु शर्मा एवं सीनियर रेजिडेंट डॉ. विशाल त्यागी तथा 3 नर्स ऊषा देवी, अमरपाली एस लाल एवं स्नेहप्रभा को अग्रिम आदेशों तक निलम्बित कर दिया गया है. उन्हें प्रधानाचार्य कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है. कमेटी द्वारा जांच पूर्ण करने के उपरान्त अग्रिम कार्यवाही की जायेगी.


ये भी पढ़े: दिल्ली हाईकोर्ट ने सेलेबी ग्राउंड हैंडलिंग की याचिका खारिज की, राष्ट्रीय सुरक्षा को दी प्राथमिकता


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read