Bharat Express DD Free Dish

उत्तर प्रदेश में बाढ़ की रोकथाम के लिए CM योगी ने झोंकी पूरी ताकत, 11 मंत्रियों को जमीन पर उतारा, 76 करोड़ से ज्यादा राशि की जारी

Uttar Pradesh flood 2025: UP की योगी सरकार के द्वारा बचाव के मोर्चे पर भी तेजी से काम किया जा रहा है. अब तक 84 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. वहीं, मेडिकल मदद के लिए 1124 टीमें तैनात की गई हैं.

Uttar Pradesh flood 2025

उत्तर प्रदेश में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है. योगी सरकार राहत और बचाव कार्यों में पूरी ताकत झोंक रखी है. सूबे के 12 सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में हालात पर काबू पाने के लिए 11 मंत्रियों को मैदान में उतारा गया है. ये मंत्री खुद गांव-गांव जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मिल रहे हैं, उनकी परेशानियां सुन रहे हैं और मौके पर ही राहत इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं.

सरकार के मुताबिक अब तक बाढ़ राहत कार्यों के लिए ₹76.58 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है. प्रदेश भर में 1517 बाढ़ चौकियां और 1222 शरणालय बनाए गए हैं, जहां 65 हजार से ज्यादा लोग फिलहाल ठहरे हुए हैं.

84 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

योगी सरकार के द्वारा बचाव के मोर्चे पर भी तेजी से काम किया जा रहा है. अब तक 84 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. वहीं, मेडिकल मदद के लिए 1124 टीमें तैनात की गई हैं. जिन्होंने अब तक करीब 5.83 लाख क्लोरीन टैबलेट और 2.88 लाख ORS पैकेट लोगों तक पहुंचाए हैं.

भोजन और जरूरी सामान की सप्लाई जारी

भोजन और जरूरी सामान की सप्लाई भी लगातार जारी है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 67 हजार से ज्यादा राहत खाद्यान्न पैकेट और करीब आठ लाख लंच पैकेट बांटे जा चुके हैं. बाढ़ में जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, ऐसे 573 परिवारों की पहचान हुई है. इनमें से 465 को मदद राशि दी जा चुकी है.

पशुओं की देखभाल के लिए भी सरकार ने किए हैं इंतजाम

पशुओं की देखभाल के लिए भी सरकार ने इंतजाम किए हैं. अब तक 84,700 प्रभावित पशुओं के लिए 11,640 क्विंटल से ज्यादा चारा बांटा गया है.

ये भी पढ़ें- लखनऊ में खौफनाक वारदात: बॉयफ्रैंड ने गर्लफ्रैंड की मां और भाई पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दोनों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

एनडीआरएफ की 16 टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी

एनडीआरएफ की 16 और पीएसी की 49 टीमें चौबीसों घंटे राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को भोजन, पानी, दवा और आश्रय की कमी नहीं होनी चाहिए और हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो.

सरकार का दावा है कि बाढ़ प्रभावित हर परिवार तक मदद पहुंचाने के लिए ऑपरेशन राहत बिना रुके तबतक जारी रहेगा, जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read