Bharat Express DD Free Dish

उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस आज, PM Modi और CM Yogi ने दी शुभकामनाएं, 6 लोगों को मिलेगा यूपी गौरव सम्मान

यूपी के स्थापना दिवस के मौके पर 24 से 26 जनवरी तक अवध शिल्प ग्राम में समारोह का आयोजन किया जा रहा है. समारोह में छह लोगों को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.

PM Modi CM Yogi in UP

PM मोदी और CM योगी

Uttar Pradesh Foundation Day: देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का आज स्थापना दिवस है. इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, भारतीय संस्कृति में अनगिनत पौराणिक और ऐतिहासिक कालखंडों की साक्षी रही यह पावन धरती पिछले आठ वर्षों से विकास के नित-नए अध्याय रचने में जुटी है.

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि “उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं. भारतीय संस्कृति में अनगिनत पौराणिक और ऐतिहासिक कालखंडों की साक्षी रही यह पावन धरती पिछले आठ वर्षों से विकास के नित-नए अध्याय रचने में जुटी है. मुझे पूरा भरोसा है कि जनकल्याण के लिए समर्पित सरकार और यहां के लोगों की अद्भुत प्रतिभा एवं अथक परिश्रम से हमारा यह प्रिय प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देगा.”

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

वहीं सीएम योगी ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि “रघुकुलनंदन प्रभु श्री राम एवं योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली, बाबा श्री विश्वनाथ के आशीर्वाद से अभिसिंचित, सृजन, संस्कृति, संस्कार व शौर्य की गौरवशाली धरा उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई! आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में नए भारत का ‘ग्रोथ इंजन’ नया उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नित नए मापदंड स्थापित कर रहा है. आइए, हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को ‘विकसित-आत्मनिर्भर प्रदेश’ बनाने हेतु संकल्पित हों.”

6 लोगों को यूपी गौरव सम्मान

बता दें कि यूपी के स्थापना दिवस के मौके पर 24 से 26 जनवरी तक अवध शिल्प ग्राम में समारोह का आयोजन किया जा रहा है. समारोह में छह लोगों को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11-11 लाख रुपये और शील्ड देकर सम्मानित करेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read