भोजन वितरण के दौरान मची लूट
Report: Yunis Khan
MP Viral Video: मध्य प्रदेश के बानमौर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां ‘जन विश्वास अभियान’ के बाद खाने के पैकेटों को लेकर जो भगदड़ मची, उसने नगर पालिका के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है. सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और लोग बानमौर नगर पालिका की व्यवस्था का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं.
भोजन वितरण में मची लूट
जन विश्वास अभियान के खत्म होने के बाद कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी. लेकिन जैसे ही भोजन बटना शुरू हुआ, वहां हालात बेकाबू हो गए. कायदे से कतार में लगकर खाना मिलने के बजाय, लोगों और वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों में खाने के पैकेट लूटने जैसी होड़ मच गई. स्थिति ऐसी हो गई कि लोग झोले और हाथ भरकर पैकेट लेकर भागते नजर आए. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.
सीएमओ साहब चाय पीने में मग्न
इस पूरे ड्रामे के बीच सबसे ज्यादा चर्चा नगर पालिका के सीएमओ प्रदीप शर्मा की हो रही है. जब बाहर खाने के पैकेटों के लिए अफरा-तफरी मची हुई थी, तब सीएमओ साहब रसोई के अंदर बड़े आराम से चाय की चुस्कियां ले रहे थे. जैसे ही कैमरा उनके पास पहुंचा और उन्होंने मीडिया को देखा, तो वह तुरंत वहां से बचते हुए बाहर की तरफ निकलते नजर आए.
ये भी पढ़ें- ‘कान्हा की नगरी में यह कैसा नरक?’ जन्माष्टमी से ठीक पहले रेलवे स्टेशन पर कूड़े का ढेर और भयंकर बदबू
जनता पूछ रही तीखे सवाल
इस पूरी घटना के बाद से बानमौर की जनता और सोशल मीडिया यूजर्स नगर पालिका प्रशासन से तीखे सवाल पूछ रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब कार्यक्रम के लिए बजट और इंतजाम तय थे, तो फिर ऐसी बदइंतजामी क्यों हुई? क्या खाने के पैकेट सिर्फ खास लोगों के लिए थे या आम जनता को भूखा रखने की योजना थी?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लोग धड़ल्ले से खाने के पैकेट लूटकर ले जा रहे थे, तो उन्हें रोकने वाला वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी क्यों मौजूद नहीं था? बहरहाल वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है, देखना यह होगा कि इस मामले में अधिकारी क्या सफाई देते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



