Bharat Express DD Free Dish

चीन के हुनान प्रांत में पटाखा फैक्ट्री में धमाका: 21 की मौत, 61 घायल, शी जिनपिंग ने दिए सख्त निर्देश

China fireworks explosion: चीन के हुनान प्रांत में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 21 की मौत और 61 घायल. लियुयांग शहर की हुआशेंग कंपनी में हुए हादसे के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जांच और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए.

China fireworks explosion: चीन के हुनान प्रांत के लियुयांग शहर में सोमवार शाम पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके ने भारी तबाही मचाई. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई और 61 लोग घायल हुए हैं.

कैसे हुआ हादसा?

सोमवार शाम करीब 4:43 बजे हुआशेंग पटाखा कंपनी के प्लांट में जोरदार धमाका हुआ. यह जगह चांग्शा शहर के पास है और पटाखा उत्पादन के लिए मशहूर है. धमाके के बाद आसपास का इलाका धुएं और मलबे से भर गया.

बचाव अभियान तेज

घटना के बाद तुरंत 480 से ज्यादा बचावकर्मी पांच टीमों में मौके पर पहुंचे. तीन रेस्क्यू रोबोट भी लगाए गए. चूंकि फैक्ट्री के पास ब्लैक पाउडर के गोदाम थे, इसलिए आसपास के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया और बफर जोन बनाया गया ताकि कोई दूसरा हादसा न हो.

घायलों का इलाज जारी

मंगलवार सुबह तक बचाव दल ने पहली खोज में मृतकों और घायलों की पुष्टि कर दी. सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है. एक नाबालिग भी इस हादसे में घायल हुआ, हालांकि उसकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं.

हिरासत में कंपनी के अधिकारी

कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. चीन के आपात प्रबंधन मंत्रालय ने विशेषज्ञों को मौके पर भेजा है ताकि बचाव कार्य को बेहतर तरीके से किया जा सके.

राष्ट्रपति का निर्देश

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आदेश दिया है कि लापता लोगों की तलाश और घायलों को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाए. उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी.

ये भी पढ़ें-व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी: सीक्रेट सर्विस ने हथियारबंद व्यक्ति को मार गिराया

पहले भी हुए हादसे

लियुयांग शहर दुनिया का सबसे बड़ा पटाखा उत्पादन केंद्र माना जाता है. यहां पहले भी कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं. इसी साल फरवरी में हुबेई प्रांत में पटाखा दुकान में धमाके से 12 लोगों की मौत हुई थी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read