Trump Boycotts G20 South Africa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन का बहिष्कार करने की घोषणा की है. उन्होंने शुक्रवार को घोषणा की है कि इस शिखर सम्मेलन का कोई भी अमेरिकी अधिकारी हिस्सा नहीं बनेगा.
डोनाल्ड ट्रंप लगातार दक्षिण अफ्रीका के श्वेत किसानों के खिलाफ मौजूदा सरकार पर भेदभाव और हिंसा करने का आरोप लगाते रहे हैं. उन्होंने इस बहिष्कार का कारण भी इसे ही बताया है.
इस साल कोई अमेरिकी अधिकारी नहीं लेगा भाग
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस साल दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका का कोई अधिकारी भाग नहीं लेगा, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत किसानों (अफ्रीकानर्स) के साथ मौजूदा सरकार दुर्व्यवहार कर रही है. हालांकि दक्षिण अफ्रीकी सरकार के द्वारा ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया गया है.
जेडी वेंस भी नहीं जाएंगे दक्षिण अफ्रीका
कुछ दिनों पहले डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि 22-23 नवंबर को वो दुनिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की होने वाली बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे. उनकी जगह उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जा सकते हैं, लेकिन अब खबर सामने आ रही है कि जेडी वेंस ने भी दक्षिण अफ्रीका जाने से मना कर दिया है.
ये अपमानजनक है…
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सोशल ट्रुथ पर लिखा कि’ यह बेहद ही अपमानजनक है कि जी-20 का सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होगा. जबकि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत लोगों के खिलाफ दुर्व्यवहार होता है. उनकी जमीनों पर कब्जा किया जाता है और उनपर हिंसक हमले होते हैं.’ डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि दक्षिण अफ्रीकी सरकार देश के अल्पसंख्यक श्वेत किसानों के खिलाफ भेदभाव कर रही है.
दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने इन दावों को किया खारिज
हालांकि डोनाल्ड ट्रंप के इन आरोपों को दक्षिण अफ्रीकी सरकार के अधिकारियों ने खारिज किया है. उन्होंने कहा कि रंगभेद की समाप्ति के तीन दशकों के बाद भी श्वेत नागरिक, दक्षिण अफ्रीका के मूल निवासियों की तुलना में ज्यादा बेहतर जीवन का आनंद उठाते हैं. दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा है कि ट्रंप के द्वारा लगाये गए श्वेत किसानों के साथ दुर्व्यवहार की खबरें ना सिर्फ झूठी है बल्कि भ्रामक भी हैं.
ये भी पढ़ें- इंडोनेशिया में दहशत! जकार्ता नौसेना परिसर की मस्जिद में विस्फोट, 55 लोग घायल, आतंकी साज़िश की आशंका
मार्को रुबियो ने भी किया था सम्मेलन का बहिष्कार
इसी हफ्ते की शुरुआत में अमेरिका के मियामी में दिये गए एक भाषण में ट्रंप ने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका को जी-20 सम्मेलन से बाहर निकाल देना चाहिये. उनके विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने फरवरी में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक का भी बहिष्कार किया था.
बता दें कि, इस बार जी-20 शिखर सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित होने जा रहा है. जिसमें वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



