Bharat Express DD Free Dish

BBC पर बड़ा एक्शन: ED ने लगाया ₹3.44 करोड़ जुर्माना, 3 डायरेक्टर जांच के घेरे में; FDI नियमों के उल्लंघन का आरोप

ED action on BBC: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर विदेशी निवेश नियमों के उल्लंघन के आरोप में ₹3.44 करोड़ का जुर्माना लगाया है. साथ ही, तीन डायरेक्टर्स पर भी कार्रवाई की गई है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

 BBC News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) नियमों के उल्लंघन के लिए BBC इंडिया पर ₹3.44 करोड़ का जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही, कंपनी के 3 डायरेक्टर्स पर भी 1.14 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है. यह कार्रवाई भारतीय विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की गई है.

FDI नियमों का उल्लंघन

BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया, जो कि 100% FDI वाली कंपनी है, पर आरोप है कि उसने भारतीय सरकार के 2019 के आदेश को नजरअंदाज किया. इस आदेश के तहत डिजिटल मीडिया में FDI की सीमा 26 प्रतिशत निर्धारित की गई थी, लेकिन BBC ने इसे पालन नहीं किया. इससे पहले ED ने 4 अगस्त 2023 को BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया, इसके तीन डायरेक्टर्स और वित्त प्रमुख को शो-कॉज नोटिस जारी किया था.

जुर्माने की राशि ₹3,44,48,850

ED द्वारा लगाए गए कुल जुर्माने की राशि ₹3,44,48,850 है. इसके अलावा, FEMA 1999 के उल्लंघन के लिए हर दिन ₹5,000 का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है, जो तब तक लागू रहेगा जब तक कंपनी नियमों का पालन नहीं करती.

IT रेड और BBC का जवाब

इस जुर्माने से पहले, 2023 के फरवरी महीने में इनकम टैक्स विभाग ने BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों पर रेड की थी. आयकर विभाग के अधिकारियों ने इंटरनेशनल टैक्स संबंधित गड़बड़ी के आरोप में BBC के दफ्तरों पर कार्रवाई की थी. इस रेड के दौरान, विभाग की टीम ने कई कर्मचारियों के मोबाइल, लैपटॉप और डेस्कटॉप जब्त कर लिए थे. एक्शन के समय स्टाफ के फोन बंद करा दिए गए थे और सभी को मीटिंग रूम में बैठने को कहा गया था.

BBC एक ब्रिटिश संस्था

BBC वर्ल्ड सर्विस एक ब्रिटिश सरकारी संस्था है जो 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करती है. यह ब्रिटेन की संसद द्वारा ग्रांट की मदद से संचालित होती है और इसके प्रबंधन का काम फॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस के माध्यम से होता है. 1927 में स्थापित, BBC का उद्देश्य पूरी दुनिया में सूचना फैलाना है, और इसके विभिन्न समाचार चैनल, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म दुनिया भर में अपने दर्शकों तक पहुंचते हैं.

भविष्य में क्या कदम उठाए जाएंगे?

जब तक BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया इस जुर्माने और नियमों का पालन नहीं करती, तब तक कंपनी पर हर दिन ₹5,000 का जुर्माना जारी रहेगा. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी इसके खिलाफ कोई कानूनी कदम उठाती है या जुर्माने के भुगतान के बाद अपने संचालन में बदलाव करती है.

यह भी पढ़िए:— सोने की तस्करी मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, पंजाब के मोहाली में सिमरन प्रीत पनेसर के घर मारा छापा



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read