Bharat Express DD Free Dish

Donald Trump की सुरक्षा में चूक! शॉटगन लेकर ट्रंप के आवास में घुसा 21 साल का युवक ढेर, फ्लोरिडा में बड़ा सुरक्षा अलर्ट

Donald Trump residence security breach: फ्लोरिडा के मार-ए-लागो स्थित डोनाल्ड ट्रंप के आवास में शॉटगन लेकर घुसे 21 वर्षीय युवक को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया. FBI ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के समय ट्रंप वहां मौजूद नहीं थे.

Donald Trump’s House in florida

Donald Trump residence security breach: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है. फ्लोरिडा में स्थित उनके मार-ए-लागो आवास में एक 21 साल का युवक घुस गया, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने गोली मार दी. आरोपी की पहचान नॉर्थ कैरोलिना के कैमरून निवासी ऑस्टिन टकर मार्टिन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने साथ एक शॉटगन और एक फ्यूल कैन लेकर आया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 1:30 बजे हुई. युवक ने पाम बीच स्थित रिजॉर्ट के उत्तरी गेट से अंदर एंट्री ली, उस समय एक अन्य गाड़ी भी बाहर निकल रही थी. पाम बीच काउंटी के शेरिफ रिक ब्रैडशॉ ने बताया कि संदिग्ध के पास हथियार और गैस कैन जैसा सामान था, जिससे स्थिति गंभीर हो गई.

FBI ने क्या बताया

सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को मौके पर ही मार गिराया गया. इस घटना में सीक्रेट सर्विस या स्थानीय पुलिस का कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ. अच्छी बात यह रही कि उस समय डोनाल्ड ट्रंप मार-ए-लागो में मौजूद नहीं थे.

एफबीआई (FBI) ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है. मियामी फील्ड ऑफिस के स्पेशल एजेंट ब्रेट स्काइल्स ने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं. आसपास रहने वाले लोगों से भी अपील की गई है कि अगर उनके पास कोई संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज हो तो उसे साझा करें.

आरोपी था गुमशुदा

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की कार से बाद में शॉटगन का एक डिब्बा भी मिला. बताया गया है कि युवक के परिवार ने एक दिन पहले उसके लापता होने की सूचना दी थी. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि सीक्रेट सर्विस ने तेजी और सतर्कता से काम करते हुए खतरे को खत्म कर दिया.


ये भी पढ़ें: ड्रग लॉर्ड का अंत: कौन है एल मेंचो जिसकी मौत जला मेक्सिको? डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में स्ट्राइक, भारत ने जारी किया अलर्ट


ट्रंप पर पहले भी हो चुका है हमला

गौरतलब है कि इससे पहले भी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर खतरे की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान उन पर दो बार हमले की कोशिश हुई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read