Bharat Express DD Free Dish

सीकर की बेटी गीता सामोता का विश्व मंच पर सम्मान, नेपाल में मिला अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

Geeta Samota: राजस्थान के सीकर जिले की पर्वतारोही और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की उपनिरीक्षक गीता सामोता को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एवरेस्ट समिटीयर्स समिट-2026 में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है.

Geeta Samota

Geeta Samota

रिपोर्ट- राहुल टांक (सीकर)


Geeta Samota: राजस्थान के सीकर जिले की पर्वतारोही और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की उपनिरीक्षक गीता सामोता को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एवरेस्ट समिटीयर्स समिट-2026 में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है. यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, साहस और ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए एवरेस्ट एलायंस नेपाल द्वारा प्रदान किया गया.

गीता सामोता ने 19 मई 2025 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर इतिहास रचा था. इस उपलब्धि के साथ वह एवरेस्ट फतह करने वाली CISF की पहली कार्मिक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) कैडर की पहली महिला बनीं. उनकी इस सफलता ने न केवल सुरक्षा बलों का गौरव बढ़ाया, बल्कि देशभर की महिलाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दी.

Geeta Samota

संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प का उदाहरण हैं गीता

सीकर जिले के छोटे से गांव चक से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली गीता सामोता की सफलता की कहानी संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए और आज विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं.

अबतक 5 महाद्वीपों की चोटियों पर पाई हैं विजय

गीता अब तक पांच महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर विजय प्राप्त कर चुकी हैं. उनके महत्वाकांक्षी सेवन समिट्स मिशन के तहत अब केवल माउंट डेनाली और माउंट विन्सन मैसिफ की चढ़ाई शेष है. अगस्त 2021 से मार्च 2022 के बीच मात्र सात महीनों में चार सेवन समिट्स फतह कर उन्होंने सबसे तेज भारतीय पर्वतारोही बनने का गौरव भी हासिल किया.

ये भी पढ़ें- TMC में बड़ी बगावत के बाद अब खुद ‘दीदी’ ने चलाया चाबुक! दो विधायकों को पार्टी से निकाला, मची महा-खलबली

उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उन्हें राष्ट्रपति प्रशंसा-पत्र सहित कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं. गीता सामोता आज देशभर के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं और यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके गौरवशाली सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read