Bharat Express DD Free Dish

क्या फिर भड़केगा यमन युद्ध? हूती मिसाइल हमले में मस्जिद तबाह, UN ने जताई गहरी चिंता

सऊदी अरब के जजान इलाके में यमन के हूती विद्रोहियों के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में एक मस्जिद क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग घायल हो गए. इस बढ़ते तनाव के बीच UN ने यमन में युद्ध के एक नए और खतरनाक दौर की चेतावनी दी है.

Houthi Missile Attack In Saudi Arabia UN Warns Of New Yemen War Escalation Bharat Express

क्या फिर भड़केगा यमन युद्ध?

Yemen War Escalation: यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. यमन से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल ने दक्षिणी सऊदी अरब के जजान इलाके में भारी तबाही मचाई है. इस हमले में दो लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक स्थानीय मस्जिद, कई इमारतों और गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है.

सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, हमला जजान के अल-तुवाल गवर्नरेट को निशाना बनाकर किया गया था. अधिकारियों ने आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का उल्लंघन बताया है.

सऊदी अरब को खुली चेतावनी

इरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के जरिए नजरान प्रांत के शरुरा स्थित सऊदी मिलिट्री बेस, हथियार डिपो और कमांड सेंटर को निशाना बनाया.

सारी ने सऊदी अरब को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सैन्य कार्रवाई नहीं रुकी, तो आने वाले दिनों में सऊदी अरब के अंदरूनी इलाकों में और भी बड़े तथा घातक हमले किए जाएंगे.

73 लोग हो चुके घायल

सऊदी अरब पर हूतियों के हमले बीते कुछ दिनों में काफी तेज हुए हैं. हाल ही में अभा, खामिस मुशैत, जजान और नजरान शहरों में आम नागरिकों और व्यापारिक ठिकानों पर हुए हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 73 लोग घायल हो गए थे.

चार साल के सापेक्ष शांति के बाद इस साल जुलाई में यमन संघर्ष दोबारा भड़क उठा. यमनी सेना और हूती लड़ाकों के बीच अल-जौफ, मारिब और अल-बैदा में भीषण जंग जारी है, जिसमें अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं.

UN ने चेतावनी देते हुए क्या कहा?

यमन में बिगड़ते हालात को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने आपातकालीन बैठक बुलाई. यूएन के विशेष दूत हैंस ग्रंडबर्ग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यमन में जारी हिंसा अब पूरे क्षेत्र को ‘युद्ध के एक नए और बेहद खतरनाक दौर’ में धकेल रही है.

यह भी पढ़ें: भारत की धरती से पुतिन ने यूरोप को ललकारा, बोले- ‘रूस आपका दुश्मन नहीं, आपके नेता गुमराह कर रहे हैं’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read