Bharat Express DD Free Dish

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से खेल कूटनीति को नई उड़ान, भारत-ऑस्ट्रेलिया ने खेल सहयोग का साझा रोडमैप किया जारी

India Australia Sports Roadmap: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का दौरा किया. इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन भी मौजूद रहीं.

India Australia Sports Roadmap

India Australia Sports Roadmap

India Australia Sports Roadmap: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का दौरा किया. इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन भी मौजूद रहीं. यह कार्यक्रम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों, सांस्कृतिक जुड़ाव और दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ते रिश्तों को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था.

इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के कई दिग्गज खिलाड़ी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने. पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ और भारतीय मूल की पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर लिसा स्थालेकर सहित कई खेल हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया. यह आयोजन इस बात का प्रतीक रहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया अब केवल रणनीतिक और आर्थिक साझेदार ही नहीं, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

India Australia Sports Roadmap

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने संयुक्त रूप से भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप का विमोचन किया. इस रोडमैप के माध्यम से दोनों देश खेल प्रशिक्षण, खिलाड़ियों की क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान और आधुनिक तकनीक, खेल उद्योग में निवेश तथा नई संभावनाओं पर मिलकर काम करेंगे. साथ ही दोनों देशों के युवाओं के बीच खेल भावना और आपसी संवाद को बढ़ावा देने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है.

समाज और देश को जोड़ता है खेल

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समाजों और देशों को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम भी हैं. उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तैयार किया गया यह रोडमैप खेल सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और दोनों देशों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा खेल संस्थानों को साथ मिलकर आगे बढ़ने का अवसर देगा.

India Australia Sports Roadmap

प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम को महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई भी दी. उन्होंने कहा कि आने वाला दशक भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए खेलों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. वर्ष 2030 में भारत राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेजबानी करेगा, जबकि 2032 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में ओलंपिक खेल आयोजित होंगे. ऐसे में दोनों देशों के पास खेल अवसंरचना, आयोजन प्रबंधन, खेल विज्ञान, प्रशिक्षण और निवेश जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने के व्यापक अवसर मौजूद हैं.

ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों से की मुलाकात

कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट के प्रदर्शनी मुकाबलों में हिस्सा ले रहे युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया. यह संवाद इस बात का संदेश था कि भविष्य की साझेदारी केवल सरकारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के माध्यम से दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत होंगे.

ये भी पढ़ें- SBI फंड्स लॉन्च करेगा इस साल का सबसे बड़ा IPO, 21 जुलाई को होगी बंपर लिस्टिंग; दांव लगाने से पहले जरूरी बातें जानिए

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी का एक नया आयाम लेकर आई. खेल, संस्कृति और जन-जन के संबंधों को केंद्र में रखकर दोनों देशों ने यह संकेत दिया है कि भविष्य में उनका सहयोग केवल कूटनीतिक या आर्थिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल भी दोनों देशों के रिश्तों को और अधिक गहराई देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read