Bharat Express DD Free Dish

अरुणाचल पर चीन को भारत का दो टूक जवाब, विदेश मंत्रालय बोला- ‘कोई नहीं बदल सकता ये सच्चाई’

India China Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को भारत ने खारिज करते हुए इसे देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा बताया है. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान-सऊदी-तुर्की रक्षा समझौते पर भी नजर रखने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही.

India China Arunachal Pradesh

India China Arunachal Pradesh

India China Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन की प्रतिक्रिया पर भारत ने एक बार फिर अपना स्पष्ट रुख सामने रखा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तथ्य को कोई भी बदल नहीं सकता.

अरुणाचल भारत का अभिन्न हिस्सा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को लेकर सवाल पूछा गया. जवाब में उन्होंने भारत का रुख दोहराते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. उन्होंने कहा कि यह एक स्वतः स्पष्ट और निर्विवाद तथ्य है. भारत की ओर से इस मुद्दे पर पहले भी कई बार स्पष्ट किया जा चुका है कि किसी भी दावे या बयान से अरुणाचल प्रदेश की स्थिति में बदलाव नहीं हो सकता.

पाकिस्तान-सऊदी-तुर्की रक्षा समझौते पर भी नजर

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच रक्षा समझौते को लेकर भी भारत की प्रतिक्रिया सामने आई. विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस समझौते के राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर संभावित प्रभावों का आकलन कर रहा है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

विदेश मंत्रालय ने खोला Snapchat अकाउंट

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat पर नया अकाउंट शुरू करने की जानकारी भी दी. प्रवक्ता ने बताया कि इसका उद्देश्य संचार को ज्यादा प्रभावी बनाना और आबादी के हर वर्ग तक पहुंचना है. मंत्रालय का फोकस बदलते डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक आधिकारिक जानकारी पहुंचाने पर है.

यह भी पढ़ें: गौतम अडानी, सागर अडानी पर लगे सभी चार्ज खत्म; न्यूयॉर्क कोर्ट ने रद्द केस

RAW प्रमुख की बांग्लादेश NSA से मुलाकात पर क्या बोला MEA?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक रिपोर्टर ने RAW प्रमुख पराग जैन की बांग्लादेश के NSA से कथित मुलाकात को लेकर सवाल किया और बातचीत की जानकारी मांगी. इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जिस बैठक का जिक्र किया गया है, उसके बारे में मंत्रालय के पास कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित कार्यालय से अधिक जानकारी ली जा सकती है.

कई अहम मुद्दों पर भारत ने रखा पक्ष

विदेश मंत्रालय की ब्रीफिंग में अरुणाचल प्रदेश, क्षेत्रीय सुरक्षा, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन और पड़ोसी देशों से जुड़े सवाल उठे. भारत ने अरुणाचल प्रदेश पर अपना रुख स्पष्ट रखते हुए कहा कि उसकी स्थिति को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read