रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने पिछले हफ़्ते भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के साथ टेलीफ़ोन पर बातचीत की, जिसमें रूस और भारत के बीच मज़बूत संबंधों पर चर्चा की गई. क्रेमलिन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, पुतिन ने रूसी सरकार के सदस्यों के साथ एक बैठक के दौरान इस बातचीत की जानकारी की.
पुतिन ने रूस-भारत संबंधों की स्थिरता पर ज़ोर दिया और उन्हें “राष्ट्रीय सहमति पर आधारित” बताया. उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में शासन और आर्थिक विकास में भारत की उपलब्धियों की सराहना की. पुतिन ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, भारत पूरी तरह से स्वतंत्र, संप्रभु नीति अपना रहा है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आर्थिक क्षेत्र में बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त कर रहा है. भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज़्यादा आर्थिक विकास दर हासिल कर रहा है.”
नरेंद्र मोदी सहयोग विकसित करने में अहम योगदान दे रहे हैं
टीवी ब्रिक्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह फोन राष्ट्रपति पुतिन द्वारा मोदी को उनके 75वें जन्मदिन के अवसर पर बधाई संदेश भेजने के तुरंत बाद आया. अपने संदेश में रूसी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में पीएम मोदी के व्यक्तिगत योगदान पर ज़ोर दिया.
पुतिन ने कहा, “नरेंद्र मोदी दोनो देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से फायदेमंद रूस-भारत सहयोग विकसित करने में एक अहम व्यक्तिगत योगदान दे रहे हैं.”
राष्ट्रपति पुतिन ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय एजेंडे के ताजा मुद्दों पर संवाद जारी रहने का भी विश्वास व्यक्त किया. विदेश मंत्रालय के अनुसार, रूस भारत का एक दीर्घकालिक और परखा हुआ साझेदार रहा है. अक्टूबर 2000 में (राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा के दौरान) “भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर घोषणापत्र” पर हस्ताक्षर के बाद से भारत-रूस संबंधों का विकास भारत की विदेश नीति का एक प्रमुख स्तंभ रहा है.
एस जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ की बातचीत
इसके बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में चल रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ भी बातचीत की. भारत में रूसी दूतावास ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा, “रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के उच्च स्तरीय सप्ताह के दौरान बैठक की.” बाद में एस जयशंकर ने यह भी लिखा, “#UNGA80 के दौरान रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ अच्छी बातचीत हुई. द्विपक्षीय संबंधों, यूक्रेन संघर्ष और मध्य पूर्व के घटनाक्रमों पर उपयोगी चर्चा हुई.”
ये भी पढ़ें: सामने आ गई डोनाल्ड ट्रंप की लालच, ‘सीक्रेट गुल्लक’ बेचने व्हाइट हाउस पहुंचे शरीफ-मुनीर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




