Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

7.7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 54 लोगों की मौत, 12 हजार से ज्यादा बेघर

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा में 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. भूकंप से 900 से ज्यादा मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है और 12 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, राहत अभियान जारी है.

Indonesia Earthquake

Indonesia Earthquake

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा (एनटीटी) प्रांत में शनिवार को आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है. देश की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (बीएनपीबी) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की. सैकड़ों लोग घायल हुए हैं, जबकि हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.

12 हजार से अधिक लोग हुए विस्थापित

बीएनपीबी प्रमुख सुहारयांतो ने बताया कि राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे हैं. अधिकारी जान-माल के नुकसान का आकलन कर रहे हैं और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. रविवार तक 12 हजार से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके थे. भूकंप के कारण बड़ी संख्या में मकानों के अलावा स्कूल, अस्पताल और सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है.

900 से ज्यादा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भूकंप से 914 मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा 126 मकानों को मध्यम और 317 को मामूली क्षति हुई है. 93 शैक्षणिक संस्थान, 36 स्वास्थ्य केंद्र और 38 सरकारी कार्यालय भी प्रभावित हुए हैं. भूस्खलन के कारण कई सड़कें मलबे से बंद हो गई हैं, जिससे राहत सामग्री पहुंचाने में चुनौती आ रही है.

11 विमान और हेलीकॉप्टर राहत अभियान में शामिल

दूरदराज के इलाकों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए थल, जल और हवाई परिवहन का इस्तेमाल किया जा रहा है. राहत अभियान में 11 विमान और हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं. सिका रीजेंसी के पालेउ द्वीप जैसे दुर्गम इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

अस्पताल क्षतिग्रस्त, स्टेडियम में बनाया जा रहा फील्ड अस्पताल

मंगगराई क्षेत्रीय अस्पताल को भी भूकंप से नुकसान पहुंचा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं. इसके बाद गोलो दुकाल स्टेडियम में फील्ड अस्पताल तैयार किया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स महसूस किए जा रहे हैं, इसलिए राहत टीमों को सतर्क रखा गया है.

15 से 28 अगस्त तक आपातकाल घोषित

पूर्वी नुसा तेंगारा सरकार ने 15 से 28 अगस्त तक 14 दिनों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्थिति घोषित की है. इसका उद्देश्य राहत-बचाव, लोगों की निकासी, सहायता सामग्री के वितरण और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाना है. भूकंप का केंद्र नगेकेओ रीजेंसी के म्बाय शहर से करीब 30 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 15 किलोमीटर की गहराई पर था. भूकंप के बाद जारी सुनामी चेतावनी को बाद में वापस ले लिया गया. प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल अब भी मलबे की जांच और नुकसान का आकलन कर रहे हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital