प्रतिकात्मक फोटो.
Iran Nuclear Program: ईरान के राष्ट्रीय प्रतिरोध परिषद (NCRI) द्वारा जारी एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान गुप्त रूप से यूरोप तक पहुंचने की क्षमता वाली परमाणु मिसाइलों का विकास कर रहा है, जो उत्तर कोरिया द्वारा इस्लामी शासन को सौंपे गए डिजाइनों पर आधारित हैं. रिपोर्ट के अनुसार, हथियारों का उत्पादन दो साइटों पर सैटेलाइट लॉन्च सुविधाओं के रूप में किया जा रहा है.
ईरान (Iran) में निर्वासित विपक्षी समूह NCRI ने कहा कि तेहरान इन सुविधाओं पर अपने कथित परमाणु हथियार कार्यक्रम को तेज कर रहा है. इसने यह भी कहा कि मिसाइलें 3,000 किमी (1,800 मील) से अधिक की यात्रा करने में सक्षम हैं, जो संभावित रूप से यूरोप को टारगेट कर सकती हैं.
ईरान ने कम से कम तीन बार परीक्षण कर लिया
रिपोर्ट का हवाला देते हुए, न्यूयॉर्क पोस्ट ने बताया कि NCRI ने परमाणु हथियार स्थल के रूप में चिह्नित की गई सुविधाओं में से एक शाहरुद मिसाइल (Shahrud Missiles) सुविधा थी, जिसे ईरान के एडवांस रक्षा अनुसंधान संगठन और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा चलाया जा रहा है. NCRI का मानना है कि साइट पर विकसित किए जा रहे परमाणु वारहेड को ग़ैम-100 (Ghaem-100) मिसाइल पर लगाया जाएगा और यह ग्रीस तक पहुंचने में सक्षम होगा.
यह भी अनुमान है कि ईरान ने शाहरुद सुविधा में रॉकेट लॉन्चर का कम से कम तीन बार परीक्षण कर लिया है. NCRI का दावा है कि उन रॉकेट लॉन्च को सैटेलाइट लॉन्च बताकर छुपाया गया था.
IRGC जल्द एडवासं ग़ैम रॉकेट लॉन्च कर सकता है
रिपोर्ट का मानना है कि IRGC आने वाले महीनों में और अधिक एडवासं ग़ैम रॉकेट लॉन्च करने की योजना बना रहा है. माना जाता है कि दूसरी परीक्षण सुविधा सेमनान से 43 मील दक्षिण-पूर्व में स्थित है, जहां तेहरान उत्तर कोरियाई डिजाइनों के आधार पर सिमोर्ग (Simorgh) मिसाइलों का विकास कर रहा है. अपनी रिपोर्ट में NCRI ने कहा कि इस साइट के कुछ हिस्से भूमिगत छिपे हुए हैं.
NCRI ने ईरान पर 2005 से इस साइट का विस्तार करने का भी आरोप लगाया. समूह के अनुसार, सेमनान में कार्यक्रम को ईरान के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जोड़कर और खोमेनी स्पेस लॉन्च टर्मिनल की स्थापना कार्यक्रम बताकर गुप्त रखा गया है.
NCRI समूह के एक अमेरिकी प्रतिनिधि सूना समसामी (Soona Samsami) ने कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अपने देश से दूर रखने और अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जरूरी समय निकालने के लिए यथास्थिति बनाए रखने के लिए बेताब है. हालांकि, सूना समसामी ने कहा कि पिछले साल ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों के खिलाफ इजरायल के हमलों ने पश्चिम देशों को ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को खत्म करने का सही मौका दिया है.
ये भी पढ़ें: मेरीलैंड की फेडरल जज ने ट्रंप के इस आदेश पर लगाई रोक, शपथ लेने के तुरंत बाद राष्ट्रपति ने जारी किया था आदेश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



