Bharat Express DD Free Dish

गाजा में जंग रोकने की पहल, ट्रंप की मध्यस्थता से इजरायल-हमास शांति समझौते के पहले चरण पर सहमत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से इजराइल और हमास ने गाजा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने वाली शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर किए हैं.

Donald Trump Peace Deal

गाजा में लंबे समय से चल रही जंग को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता से इजरायल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताई है. ट्रंप (Donald Trump) ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर इसकी घोषणा की और इसे एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व घटना बताया.

ट्रंप का क्या कहना है?

ट्रंप (Donald Trump) ने कहा कि इस समझौते के तहत गाजा में युद्धविराम लागू होगा, बंधकों की रिहाई सुनिश्चित की जाएगी और इजरायली सैनिकों को एक निश्चित सीमा तक वापस बुलाया जाएगा. उन्होंने इसे स्थायी शांति की ओर पहला मजबूत कदम बताया. इस घोषणा के बाद गाजा में जश्न का माहौल है, लोग सड़कों पर निकलकर खुशी मना रहे हैं.

मिस्र में किए जाएंगे हस्ताक्षर

इस समझौते के तहत गुरुवार, 9 अक्टूबर को मिस्र में हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसमें गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए पांच क्रॉसिंग तुरंत खोलने, गाजा वापसी मानचित्र में बदलाव और पहले चरण में 20 इजरायली बंदियों को ज़िंदा रिहा करने की बात शामिल है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया धन्यवाद

राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) ने अपने पोस्ट में कतर, मिस्र और तुर्की को मध्यस्थता के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और लिखा,

“यह अरब और मुस्लिम जगत, इजराइल, आसपास के सभी देशों और अमेरिका के लिए एक महान दिन है. धन्य हैं वो जो शांति स्थापित करते हैं.”

इजरायली प्रधानमंत्री का क्या कहना है?

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस समझौते को इजरायल के लिए एक महान दिन बताया. उन्होंने कहा कि वह सरकार से इस समझौते को मंजूरी दिलाने और सभी बंधकों को वापस लाने के लिए बैठक बुलाएंगे. नेतन्याहू ने आईडीएफ के सैनिकों और सुरक्षा बलों को उनके साहस और बलिदान के लिए धन्यवाद दिया.

Benjamin Netanyahu

नेतन्याहू ने की ट्रंप की तारीफ

नेतन्याहू ने ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा,

“मैं राष्ट्रपति ट्रंप को उनके नेतृत्व, साझेदारी और इजरायल की सुरक्षा एवं हमारे बंधकों की स्वतंत्रता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूं. हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक हमारे सभी बंधक वापस नहीं आ जाते और हमारे सभी लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते.”

ये भी पढ़ें-

नेतन्याहू ने का संदेश

इस समझौते को इजरायल ने एक कूटनीतिक सफलता और राष्ट्रीय एवं नैतिक विजय बताया है. नेतन्याहू ने अपने संदेश में लिखा,

“ईश्वर इजराइल का भला करे, ईश्वर अमेरिका का भला करे और ईश्वर हमारे महान गठबंधन का भला करे.”

 

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read