Bharat Express DD Free Dish

केन्या ने JKIA एयरपोर्ट विस्तार के लिए चीन को दिया 2.9 अरब डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट

केन्या ने नैरोबी के JKIA एयरपोर्ट को आधुनिक बनाने के लिए चीन की कंपनी CCCC को 2.9 अरब डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट दिया. अदाणी ग्रुप का प्रस्ताव पहले रद्द कर दिया गया था. यह प्रोजेक्ट 2045 तक चलेगा और एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है.

केन्या ने नैरोबी के जोमो केन्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट (JKIA) को विस्तार और आधुनिक बनाने के लिए चीन की कंपनी चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी (CCCC) को 2.9 अरब डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट दिया है. यह समझौता देश में बड़े पैमाने पर चीनी निवेश वाली परियोजनाओं की वापसी को दिखाता है.

अदाणी ग्रुप का प्रस्ताव रद्द

इससे पहले भारत की अदाणी ग्रुप ने करीब 2 अरब डॉलर का एयरपोर्ट कंसैशन प्रस्ताव दिया था लेकिन नवंबर 2024 में राष्ट्रपति विलियम रुटो की सरकार ने इसे राजनीतिक विरोध और कानूनी विवादों के चलते रद्द कर दिया. अमेरिकी न्याय विभाग की जांच के आरोपों ने भी इस डील पर दबाव बढ़ाया था, हालांकि बाद में मामला बंद कर दिया गया.

एयरपोर्ट अपग्रेड की जरूरत

JKIA लंबे समय से अपनी क्षमता से ज्यादा यात्रियों को संभाल रहा है. 2025 में यहां करीब 90 लाख यात्री आए, जबकि इसकी डिजाइन क्षमता 75 लाख यात्रियों की है. इसी वजह से सरकार ने एयरपोर्ट को अपग्रेड करने की योजना बनाई है, जो 2045 तक चलने वाले मास्टर प्लान का हिस्सा है.

क्या-क्या होगा बदलाव?

इस प्रोजेक्ट में रनवे, पैसेंजर टर्मिनल, एयरक्राफ्ट पार्किंग, एक्सेस रोड और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा. सरकार का कहना है कि यह एयरपोर्ट देश की रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे आधुनिक बनाना बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें-तालिबान का ‘मिशन पाकिस्तान’; बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में भारी तबाही, दहला शहबाज का देश

चीन की मौजूदगी और असर

CCCC पहले भी केन्या में बड़े प्रोजेक्ट पूरे कर चुकी है, जैसे नैरोबी एक्सप्रेसवे और मोंबासा-नैरोबी स्टैंडर्ड गेज रेलवे. नए कॉन्ट्रैक्ट से चीन की पकड़ केन्या के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में और मजबूत हो गई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read