ट्रंप के मंत्री ने ही खोली पोल
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आए दिन दुनिया भर के युद्ध रुकवाने का क्रेडिट लेते रहते हैं लेकिन इस बार उनके ही विदेश मंत्री ने उनके दावों की हवा निकाल दी है. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक ऐसा बयान दिया है जिसकी हर जगह चर्चा हो रही है. संयुक्त राष्ट्र महासभा के हाई लेवल सेशन में रुबियो ने उसी वर्ल्ड ऑर्डर पर सवाल खड़े कर दिए जिसे खुद अमेरिका ने बनाया था और जिसे बदलने की मांग भारत जैसे देश लंबे समय से कर रहे हैं. उन्होंने मौजूदा सिस्टम को पूरी तरह से फेल तक बता दिया और इस दौरान भारत और पाकिस्तान का नाम भी लिया.
‘संयुक्त राष्ट्र अपने मकसद से भटक गया है’
रुबियो ने अपने भाषण में कहा कि संयुक्त राष्ट्र जैसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं अपने असली काम से भटक चुकी हैं. भारत-पाकिस्तान जैसे तनाव को खत्म करने में ये पूरी तरह नाकाम रही हैं. उन्होंने कहा कि ग्लोबल संस्थाएं उन मुद्दों में उलझ रही हैं जो उनके काम का हिस्सा ही नहीं हैं. रुबियो ने कहा कि इंटरनेशनल सिस्टम इसलिए फेल हो रहा है क्योंकि यह अपने तय लक्ष्य से बहुत आगे निकल चुका है. यह दुनिया के किसी भी बड़े झगड़े को सुलझा नहीं पा रहा है. उन्होंने दावा किया कि UN में आए कई बड़े नेताओं के बीच भी इस बात को लेकर सहमति है कि अभी का इंटरनेशनल सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर रहा.
थाईलैंड-कंबोडिया और भारत-पाक संघर्ष का दिया उदाहरण
रुबियो ने आगे कहा कि अगर दुनिया में सच में एक सही तरीके से काम करने वाला सिस्टम होता तो कई देशों के बीच बढ़ते टकराव को पहले ही रोका जा सकता था. उन्होंने कहा कि अच्छा होता अगर हमारे पास एक बेहतर इंटरनेशनल सिस्टम होता जो थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुई जंग या भारत और पाकिस्तान के बीच हुए टकराव को संभाल पाता. फिलहाल हमारे पास ऐसा कोई सिस्टम ही नहीं है जो इन मामलों का हल निकाल सके.
‘इंटरनेशनल सिस्टम पर कोई अटैक नहीं कर रहा’
हालांकि इतना सब कहने के बाद रुबियो ने तुरंत अपने बयान पर सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि वह इंटरनेशनल सिस्टम पर कोई अटैक नहीं कर रहे हैं. उनका मकसद इस सिस्टम को उसके शुरुआती लक्ष्यों और सही रोल में वापस लाना है. वह चाहते हैं कि ये संस्थाएं फिर से अपने असली काम पर लौटें.
ये भी पढ़ें-‘घर में रोज पिट रही PAK सेना, पड़ोस में निकाल रही टीस!’ बेकसूर अफगानियों पर फिर कर डाली एयरस्ट्राइक
ट्रंप के सीजफायर वाले दावे पर फिर उठे सवाल
अब रुबियो के इस बयान के बाद डोनाल्ड ट्रंप के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है. आपको बता दें कि पिछले साल मई में जब भारत और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात बन गए थे, उसके बाद ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने ही सीजफायर करवाया है. उन्होंने कई मौकों पर इस बात को दोहराया. लेकिन भारत ने हर बार साफ कहा है कि सीजफायर पाकिस्तान के रिक्वेस्ट करने के बाद दोनों देशों के DGMO लेवल पर हुई बातचीत के बाद ही हुआ था. इसमें अमेरिका का कोई रोल नहीं था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




