Nepal Avalanche Mountaineers Death
Nepal Avalanche Mountaineers Death: उत्तर-पूर्वी नेपाल के दोलखा जिले में हिमालय की यालुंग री पर्वत चोटी पर जबरदस्त हिमस्खलन (Avalanche) की घटना सामने आई है. जिसकी चपेट में आने से 8 पर्वतारोहियों की मौत हो गई. इनमें नेपाली और विदेशी नागरिक शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार की सुबह हुई. जहां 5630 मीटर ऊंचे यालुंग री पर्वत के बेस कैंप से डेढ़ घंटे की पैदल दूरी पर भयंकर हिमस्खलन हुआ. ये सभी मृतक 12 पर्वतारोहियों के एक दल का हिस्सा थे. जो बेस कैंप से चोटी पर चढ़ने के लिए उतरे हुए थे.
5 पर्वतारोही बेस कैंप लौटे
इस घटना की पुष्टि दोलखा पुलिस प्रमुख और पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान कुमार महतो ने की. उन्होंने बताया कि इसी अभियान दल के कुछ पोर्टरों ने पुष्टि की है कि इस हिमस्खलन (Avalanche) में 8 पर्वतारोहियों की मौत हुई है. जिसमें नेपाली और विदेशी दोनों शामिल हैं. अभी भी 7 पर्वतारोही हिमस्खलन में दबे हुए हैं. जबकि 5 अन्य बेस कैंप में लौट आए हैं.
बेहद दुर्गम क्षेत्र में हुआ हादसा
घटनास्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में मौजूद है. प्रतिकूल मौसम की वजह से अभी तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंच नहीं पाई है. दबे हुए पर्वतारोहियों को खोजने के लिए एक हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया था, लेकिन मौसम बेहद खराब होने की वजह से यह बचाव अभियान चलाया नहीं जा सका.
मंगलवार को चलाया जाएगा रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक लगातार खराब मौसम के कारण घायलों को हवाई मार्ग से निकालने और लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान नहीं चलाया जा सका. अब मंगलवार की सुबह बचाव अभियान चलाने की योजना है.
दोलखा के मुख्य जिला अधिकारी नारायण प्रसाद रिसाल ने कहा कि लापता पर्वतारोहियों की वास्तविक स्थिति मंगलवार को ही स्पष्ट हो पाएगी, जब बचाव दल और सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे.
नेपाल पुलिस, नेपाल सेना, और सशस्त्र पुलिस बल के सुरक्षाकर्मी भी जमीनी रास्ते से घटनास्थल की ओर बढ़ रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


