Nepal Helicopter Crash:नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र खोटांग में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान अनियंत्रित होकर खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हेलीकॉप्टर राजधानी काठमांडू से एक शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए बेलाबेसी गांव आया था. चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही हेलीकॉप्टर ने खेत में उतरने की कोशिश की, अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन से जा टकराया.
हालांकि राहत की सबसे बड़ी खबर यह है कि इस डरावने हादसे में किसी की जान नहीं गई है. पायलट सबिन थापा और चालक दल के अन्य सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि एक यात्री काजी बहादुर राय को मामूली चोटें आई हैं.
कैसे हुआ हादसा?
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह तेज हवा और उड़ती हुई धूल मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि जब हेलीकॉप्टर बेलाबेसी गांव के पास नीचे आ रहा था, तब हवा की गति अचानक बढ़ गई. इसके साथ ही सूखी जमीन से उठी धूल के गुबार ने पायलट की दृश्यता (Visibility) को प्रभावित कर दिया, जिससे वह संतुलन नहीं बना सका.
वहीं स्थानीय सूत्रों का कहना है कि खेत की ऊबड़-खाबड़ जमीन और प्रतिकूल मौसम ने लैंडिंग को जोखिम भरा बना दिया था, जिसके चलते हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया.
जांच और प्रशासन की कार्रवाई
खोटांग की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंडेल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और घटना से जुड़ी सभी जानकारी जुटाई जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
