Bharat Express DD Free Dish

विवादित क्षेत्रों पर नेपाल का नया पैंतरा: कालापानी, लिम्पियाधुरा और लिपुलेख को नोटों पर दर्शाया, भारत से तनाव बढ़ने की आशंका

Nepal Prints Disputed Territory Map: नेपाल के केंद्रीय बैंक ने गुरुवार को 100 रुपये के नए नोटों को प्रचलन में ला दिया. इन नोटों पर कालापानी, लिम्पियाधुरा और लिपुलेख को नेपाल का हिस्सा बताया गया है.

Nepal Prints Disputed Territory Map

Nepal Prints Disputed Territory Map: भ्रष्टाचार और अस्थिरता से जूझ रहे नेपाल ने लोगों का ध्यान जरूरी मुद्दों से भटकाने के लिए नया पैंतरा चला है. जिसके बाद भारत और नेपाल के बीच तनातनी बढ़ने की आशंका गहरी हो गई है. दरअसल नेपाल के केंद्रीय बैंक ने गुरुवार को 100 रुपये के नए नोटों को प्रचलन में ला दिया. खास बात ये है कि इन नोटों पर कालापानी, लिम्पियाधुरा और लिपुलेख को नेपाल का हिस्सा बताया गया है. इन हिस्सों पर भारत और नेपाल दोनों देश दावा करते हैं.

लगभग 5 साल पहले नेपाल की ओली सरकार ने अपना नया संशोधित मानचित्र जारी कर इन क्षेत्रों को नेपाल का हिस्सा बताया था. अब पहली बार केंद्रीय बैंक ने वहीं अपडेटेड मानचित्र को नोटों पर दर्शाया है.

सरकार के कहने पर नोट पर छापा गया मानचित्र

नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने बताया कि 100 रुपये के नोट पर छापे गए मानचित्र को सरकार के निर्णय के बाद ही दर्शाया गया है. उन्होंने कहा कि, “चाइना बैंकनोट प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉरपोरेशन द्वारा 100 रुपये के तीन सौ मिलियन नोटों की आपूर्ति के बाद हमने उन्हें चलन में ला दिया है.”

2020 से जारी है विवाद

गौरतलब है कि साल 2020 में भारत सरकार ने नया संशोधित मानचित्र जारी किया था. जिसमें इन विवादित क्षेत्रों को अपना बताया था. जिसके बाद नेपाल ने भी अपना संशोधित मानचित्र जारी किया, जिसमें इन क्षेत्रों (कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा) को नेपाल के हिस्से के रूप में दिखाया गया था.

इतना ही नहीं तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने नेपाल के संविधान में संशोधन कर इन क्षेत्रों को आधिकारिक रूप से नेपाल की जमीन घोषित कर दिया था. जिसके बाद भारत और नेपाल के संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए.

ये भी पढ़ें- इमरान खान से मिलने जेल तक जा पहुंचे ये CM, धरना देकर किया उनकी कस्टडी का विरोध, पुलिस ने बरसाई लाठियां

उत्तराखंड और नेपाल के बीच स्थित है क्षेत्र

बता दें कि ये क्षेत्र नेपाल की उत्तर-पश्चिमी सीमा और भारत के उत्तराखंड राज्य के बीच स्थित है. इन क्षेत्रों को लेकर दोनों देशों ने कई दौर की बातचीत की, लेकिन यह सीमा विवाद अभी तक सुलझ नहीं पाया और द्विपक्षीय संबंधों में यह क्षेत्र तनाव का एक बेहद अहम मुद्दा बना हुआ है.

नेपाल राष्ट्र बैंक 5, 10, 20, 50, 100, 500 और 1,000 रुपये के नोट जारी करता है, लेकिन केवल 100 रुपये के नोट पर मानचित्र छपा होता है. केंद्रीय बैंक के अनुसार, अभी केवल इसी नोट पर मानचित्र का अद्यतन किया गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read