मस्कट और होर्मुज स्ट्रैट के पास समुद्री क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कमर्शियल जहाज ‘MT एल गैया’ पर अचानक हमला हो गया. इस जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. राहत की बात यह है कि रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि एक लापता भारतीय नागरिक की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है.
‘डिप्लोमेसी ही एकमात्र रास्ता’
हमले पर गहरी चिंता जताते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री जलमार्गों (International Waterways) में कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
भारत सरकार ने क्षेत्र में तुरंत तनाव कम करने और कूटनीति तथा बातचीत के जरिए शांति बहाल करने की पुरजोर वकालत की है. भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित नौवहन (Free Navigation) को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है.
होर्मुज स्ट्रैट में भड़का नया तनाव
यह घटना होर्मुज स्ट्रैट के पास केशम द्वीप के करीब घटी, जहां एक ईरानी मालवाहक जहाज पर भी हमला हुआ. ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन संस्था (UKMTO) ने भी पुष्टि की है कि एक जहाज किसी संदिग्ध मिसाइल या प्रक्षेपास्त्र की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई.
यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब ओमान में क्षेत्रीय विदेश मंत्रियों की अहम बैठक होने वाली थी. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते इस बेहद महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्ग पर जहाजों की आवाजाही खतरे में पड़ गई है.
यह भी पढ़ें: 21वीं सदी में नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनेगा भारत…, अमेरिकी अर्थशास्त्री की भविष्यवाणी ने ट्रंप को दे दी तगड़ी टेंशन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

