Afghanistan Pakistan Conflict: ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रही जंग ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है. इसका असर आम लोगों तक भी पहुंच रहा है. इसी बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते और ज्यादा खराब होते जा रहे हैं. दोनों देशों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं.
अफगानिस्तान का आरोप
अफगानिस्तान ने दावा किया है कि सोमवार देर रात पाकिस्तान ने काबुल में एक अस्पताल पर हवाई हमला किया. तालिबान की ओर से कहा गया कि इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत हो गई है और 250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. अफगानिस्तान के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत ने बताया कि जिस जगह हमला हुआ, वह एक नशा मुक्ति केंद्र था. बमबारी के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया और बचाव दल अब भी आग बुझाने और शव निकालने में जुटे हैं.
पाकिस्तान का जवाब
तालिबान के आरोपों को पाकिस्तान ने पूरी तरह खारिज कर दिया है. पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने किसी भी अस्पताल या नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया. पाकिस्तान का दावा है कि उनके हमले केवल काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान के उन इलाकों में किए गए थे, जहां आतंकियों की मौजूदगी थी.
लंबे समय से जारी तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह टकराव नया नहीं है. 22 फरवरी से दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार जारी है. पाकिस्तान ने अफगान सीमा पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसके बाद से हालात बिगड़ते चले गए. अफगानिस्तान में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा बड़ा हमला है, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है.
राशिद खान का गुस्सा
अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हमलों के वीडियो साझा किए और संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग की. राशिद ने कहा कि इस तरह के हमले मानवता के खिलाफ हैं और इन्हें रोकना बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें-6000 KMPH की रफ्तार और 2000 KM की मार! ईरान ने ‘सेजिल’ मिसाइल से शुरू किया महाविनाश का नया अध्याय
ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग ने पहले ही दुनिया को अस्थिर कर रखा है. अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते हमले हालात को और गंभीर बना रहे हैं. सैकड़ों लोगों की मौत और लगातार बढ़ते तनाव ने क्षेत्रीय शांति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


