ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर पाकिस्तान की इंटरनेशनल बेइज्जती का नजारा देखने को मिला. जब पाकिस्तान हॉकी टीम होटल के बिलों का भुगतान न होने के कारण कई घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) की लापरवाही और फंड की कमी के कारण राष्ट्रीय हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा पहुंचने पर भारी अपमान का सामना करना पड़ा.
क्या है पूरा मामला?
टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के बीच समन्वय की कमी और वित्तीय संकट ने खिलाड़ियों को असहज स्थिति में डाल दिया. जानकारी के अनुसार, कैनबरा में खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए एक चार सितारा होटल में कमरे बुक होने की बात कही गई थी. उन्हें आश्वस्त किया गया था कि ठहरने का पूरा भुगतान पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और PHF द्वारा किया जा चुका है.
लेकिन जब टीम होटल पहुंची तो उनके नाम से कोई बुकिंग दर्ज नहीं थी. इस वजह से खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को कई घंटों तक बाहर इंतजार करना पड़ा. टीम ऑस्ट्रेलिया में एफआईएच (FIH) प्रो लीग के दूसरे चरण के मुकाबले खेलने पहुंची है.
आराम की कमी का असर मैदान पर
समय के अंतर के कारण मुख्य कोच ताहिर जमान तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क नहीं कर सके. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को बताया कि लाहौर से लंबी यात्रा के बाद खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई व्यवस्था नहीं है.
आखिरकार स्थानीय पाकिस्तानी समुदाय के कुछ लोगों की मदद से स्थिति संभाली गई. होटल प्रबंधन ने सीमित कमरे उपलब्ध कराए, जहां एक कमरे में दो से तीन खिलाड़ियों को रुकना पड़ा. पर्याप्त आराम न मिलने का असर प्रदर्शन पर भी दिखा और पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से हार झेलनी पड़ी.
ये भी पढ़ें: अब और ताकतवर हुआ भारतीय पासपोर्ट, दुनिया के इतने सारे देशों में मिलेगी बिना वीजा एंट्री
अनुशासन और आर्थिक संकट
यह पहला मौका नहीं है जब टीम को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले अर्जेंटीना दौरे पर खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिलने की शिकायत सामने आई थी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम बिना मैनेजर के गई है, क्योंकि पूर्व ओलंपियन और मैनेजर अंजुम सईद को फ्लाइट में धूम्रपान करने और सुरक्षा कर्मियों से अभद्र व्यवहार के आरोप में पद से हटा दिया गया था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
