Bharat Express DD Free Dish

जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने पीएम मोदी पहुंचे फ्रांस के एवियन, वैश्विक सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के एवियन पहुंचे. सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 52वें जी7 समिट का औपचारिक उद्घाटन किया था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियन-ले-बैंस पहुंच गए हैं. यह दौरा उनकी यूरोप यात्रा का आखिरी चरण माना जा रहा है. इससे पहले वे स्लोवाकिया के दो दिवसीय दौरे पर थे, जहां दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर बातचीत हुई.

एवियन पहुंचने से पहले पीएम मोदी का सफर भी खास रहा. वे स्लोवाकिया से होते हुए जिनेवा पहुंचे, और फिर वहां से एवियन के लिए रवाना हुए. जिनेवा एयरपोर्ट पर उतरते ही स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने उनका स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच इस दौरान गर्मजोशी से बातचीत भी हुई.

सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव

एवियन पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की. उन्होंने लिखा कि वे दुनिया के नेताओं से मुलाकात करने और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा करने के लिए उत्सुक हैं. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत एक ऐसे भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है जो ज्यादा टिकाऊ, समृद्ध और सहयोग पर आधारित हो.

भारत-स्विट्जरलैंड रिश्तों पर भी चर्चा

स्विट्जरलैंड में हुए छोटे से मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय ने भी तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में दोनों देशों के नेताओं को एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत करते देखा गया. मंत्रालय के मुताबिक, इस बातचीत में दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई.

इस बार का जी7 शिखर सम्मेलन फ्रांस के रिसॉर्ट शहर एवियन-ले-बैंस में आयोजित किया जा रहा है. तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया की सबसे बड़ी विकसित अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल हो रहे हैं. यहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, राजनीतिक तनाव, पर्यावरण संकट और सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.

सम्मेलन की शुरुआत सबसे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहुंचने के साथ हुई. इसके बाद जर्मनी, इटली, ब्रिटेन, कनाडा और जापान के शीर्ष नेता भी वहां पहुंच चुके हैं. इस बार अमेरिका-ईरान शांति समझौते और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर खास चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- पूर्वी दिल्ली में साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read